पाकिस्तान के स्कूल में आतंकी हमला, 7 टीचर्स के सा​थ 6 फौजी मारे गए, कोई सुराग नहीं मिला

International

(www.arya-tv.com) पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के खुर्रम जिले में गुरुवार को फायरिंग में 7 टीचर्स की मौत हो गई। अब तक यह साफ नहीं हो सका है कि फायरिंग की इस घटना को आतंकियों ने अंजाम दिया या फिर यह आपसी दुश्मनी का कोई मामला है। इसी इलाके में फायरिंग की एक और घटना भी हुई है। इसमें भी 2 टीचर्स मारे गए हैं। दोनों वारदात 6 किलोमीटर के दायरे में हुईं।

इसके अलावा, खैबर में ही एक आतंकी हमला भी हुआ। इसमें तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) ने पाकिस्तानी फौज के 6 सैनिकों को मार गिराया। दोनों हमलों की न तो किसी ने जिम्मेदारी ली है और न ही हमलावरों का कोई सुराग हाथ लगा है।

एग्जाम कैंसिल

  • न्यूज एजेंसी के मुताबिक टीचर्स पर हमले की वारदात खुर्रम जिले के टेरी मंगल हाईस्कूल में हुई। यहां के स्टाफ रूम में टीचर्स एग्जाम पेपर्स का सेट तैयार कर रहे थे। अगले हफ्ते से यहां परीक्षा शुरू होने वाली है, इसे रद्द कर दिया गया है।
  • इसी दौरान कार में सवार कुछ हमलावर यहां पहुंचे। स्कूल के बाहर बैरिकेड्स थे और पुलिस भी मौजूद थी। हमलावर बैरिकेड्स तोड़ते हुए स्कूल में दाखिल हुए और सीधे स्टाफ रूम पहुंचे। यहां पहुंचते ही फायरिंग शुरू कर दी। सभी 7 टीचर्स मारे गए। इसके बाद हमलावर उसी कार से फरार हो गए।
  • कुछ देर बाद पुलिस पहुंची और इलाके को सील कर दिया। अब तक हमलावरों का कोई सुराग नहीं मिला है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि यह मामला शिया सुन्नी विवाद से जुड़ा है। ये भी बताया जा रहा है कि मारे गए सभी टीचर्स शिया समुदाय से थे। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।
  • राष्ट्रपति आरिफ अल्वी और प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ ने हमले की निंदा की है। अल्वी ने कहा- जिन लोगों ने भी इस हमले को अंजाम दिया, वो हकीकत में तालीम के दुश्मन हैं। पाकिस्तान इस तरह के हमलों से डरने वाला नहीं है।
  • इस हाईस्कूल से करीब 6 किलोमीटर दूर बाइक पर जा रहे दो और टीचर्स पर भी फायरिंग हुई। दोनों की ही मौके पर मौत हो गई। ये दोनों एक दूसरे मिडिल स्कूल के टीचर्स थे। टीचर्स पर हुए दो हमलों का क्या ताल्लुक है, ये साफ नहीं हो सका है।

आतंकी हमले में 6 फौजी मारे गए

  • खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के इसी खुर्रम इलाके के दीरदोनी में गुरुवार को तालिबान ने एक हमले में पाकिस्तानी फौज के 6 सैनिकों को मार गिराया। हमले के बाद आतंकी आराम से फरार होने में भी कामयाब हो गए। सेना ने इस हमले की पुष्टि की है।
  • इसी इलाके में दो दिन पहले पाकिस्तानी फौज ने तालिबान के एक नेता अब्दुल जब्बार शाह को मार गिराया था। इसके बाद तालिबान ने बदला लेने की धमकी दी थी। माना जा रहा है कि इसीलिए तालिबान ने पाकिस्तानी फौज को निशाना बनाया।
  • दरअसल, यह इलाका अफगानिस्तान से लगा हुआ है। यहां फौज तालिबान के खिलाफ ऑपरेशन चला रही है। हैरानी की बात यह है कि 2 महीने से जारी ऑपरेशन में 19 फौजी मारे गए हैं और सिर्फ 2 आतंकियों को ढेर किया जा सका है। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच भी तनाव जारी है। पाकिस्तान का आरोप है कि आतंकवादी हमला करने के बाद अफगान सीमा में भाग जाते हैं और वहां उन्हें महफूज पनाहगाहें मिल जाती हैं। अफगानिस्तान की हुकूमत पर काबिज तालिबान इसको गलत आरोप बताता है।