मथुरा में शोभायात्रा पर पथराव के बाद तनाव पुलिस बल तैनात

Varanasi Zone

(www.arya-tv.com) जैंत क्षेत्र के गांव भरतिया में डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर निकाली जा रही शोभायात्रा के दौरान विवाद हो गया। पुलिस की मौजूदगी में दो पक्षों में जमकर ईंट पत्थर चले। दोनों ओर से हुए पथराव में कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लिया है। गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।

पुलिस बल तैनात किया गया है। शुक्रवार को डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में पहली बार ग्राम प्रधान के नेतृत्व में शोभायात्रा निकाले जाने का फैसला हुआ था। हालांकि यात्रा को लेकर कई दिन पहले से गांव में तनाव था। एक दिन पहले गांव में पंचायत भी हुई थी। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि के मुताबिक शोभायात्रा की प्रशासन से अनुमति भी ली गई थी। प्रधान प्रतिनिधि महेंद्र सिंह ने बताया कि शोभायात्रा को निकालने को लेकर एक दिन पूर्व गांव में सर्व समाज की पंचायत हुई थी।

उस दौरान सभी ने शोभायात्रा निकालने की सहमति दे दी थी। आज शोभायात्रा निकालने के दौरान कुछ लोगों ने पथराव कर दिया है। गांव में पहली बार आंबेडकर की शोभायात्रा निकाली जा रही थी, इसकी प्रशासन की ओर से उनके पास अनुमति भी है। लोगों द्वारा गांव में आंबेडकर शोभायात्रा निकाली जा रही थी। दोपहर 12 बजे जैसे ही शोभायात्रा उन लोगों के मोहल्ले की ओर गई जो इसका विरोध कर रहे थे। इन लोगों ने शोभायात्रा को निकालने से रोक दिया।

शोभायात्रा में शामिल लोग जब जबरन शोभायात्रा को निकालने लगे, तो दूसरे पक्ष के लोगों में आक्रोश फैल गया और पथराव शुरू हो गया। इस दौरान दोनों ओर से पथराव हुआ। शोभायात्रा में शामिल लोगों में अफरा तफरी मच गई। तमाशा देख रहे लोग छिपने के लिए इधर उधर भागने लगे। पथराव में कई लोग घायल हो गए।

काफी देर तक दोनों ओर से पथराव होता रहा। ग्राम प्रधान के मुताबिक महत्वपूर्ण यह है कि जिस दौरान यह घटना हुई कुछ पुलिसकर्मी भी वहां मौजूद थे। घटना की सूचना मिलते ही कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गया। तब भी स्थिति काबू में नहीं हुई। तब प्रशासन ने गांव में आरआरएफ एवं पीएसी तैनात की।

एक पक्ष के लोगों ने पुलिस प्रशासन पर पक्षपात करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि उनके सामने ही दूसरे पक्ष के लोग ईंट पत्थर बरसा रहे थे। पुलिस ने उन पर कोई कार्रवाई नहीं की। पुलिस चाहती हो मामला वहीं शांत कर सकती थी। एसपी सिटी एमपी सिंह ने बताया कि गांव में शांति है। फोर्स तैनात किया गया है। हालात पर नजर रखी जा रही है।