कुछ दिनों में 40 के पार होगा पारा, झुलसाएगी लू

# ## Environment

अप्रैल के दूसरे पखवाड़े में हर दिन सूरज की तपिश बढ़ रही है। दोपहर में सूरज की किरणें मानों झुलसाने पर आमादा हैं। गर्म हवा लोगों का पसीना निकाल रही है। थोड़ी ही देर में लोगों के हलक सूख रहे हैं। घरों व कार्यस्थलों पर कूलर और एयर कंडीशनर चलाकर राहत मिल रही है। वहीं शीतल पेय पदार्थों का सेवन भी लोग कर रहे हैं।

शुक्रवार को सुबह बादलों के बाद धूप निकली तो फिर समय के साथ सूरज की तपिश बढ़ती गई। दोपहर में तापमान बढ़ने के चलते हवा गर्म लगने लगी। दोपहिया वाहन चालकों को इससे मुश्किल हुई। कई लोग सड़क पर जहां भी पेड़ों की छांव मिली वहा गाड़ी रोककर आराम करने के बाद फिर आगे बढ़े। सिविल लाइंस के ग्रीन बेल्ट में पेड़ों की छांव में चार पहिया व दोपहिया वाहन चालक रुक कर तपिश से राहत पाने में जुटे रहे। बाजार में दोपहर में चहल पहल कम रही। बाजार में तरबूज, खरबूज, ककड़ी, पुदीने का जूस आदि के ठेले पर ग्राहकों की भीड़ रही। डिमांड को देखते हुए ठेले वालों ने मनमाने दाम वसूले। वहीं गला तर करने के लिए लोगों ने कोल्ड ड्रिंक्स व बोतलबंद पानी का सहारा लिया।

वहीं गर्मी में बिजली की खपत बढ़ने से लोकल फाल्ट भी इन दिनों अधिक हो रहे हैं। दिन के अलावा रात में भी कई बार बिजली की आवाजाही चल रही है, जिससे रात की नींद में खलल पड़ रहा है। इसको देखते हुए बहुत से ग्राहक इनवर्टर बैटरी खरीदने में लगे रहे। इसके चलते इनवर्टर की बैट्री खराब हो गई वह उसे बदलकर नया लेने के लिए दुकानों पर पहुंचे। हरथला में इनवर्टर-बैटरी की कई दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ रही। हालांकि दुकानदार गर्मी बढ़ने से खुश हैं कि उनके उत्पादों की खरीदारी बढ़ गई है, हालांकि गर्मी से वह स्वयं भी त्रस्त रहे। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान के 40 डिग्री सेल्सियस पार होने का अनुमान जताया है। इसको देखते हुए लू से बचाव के लिए आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने एडवाइजरी भी जारी की है।

एसी कूलर की दुकानों पर पहुंचे खरीदार
गर्मी का तेवर बढ़ने से लोगों को एसी कूलर चलाना पड़ रहा है। गर्मी में राहत के लिए इन दिनों दुकानों पर इसकी खरीदारी बढ़ गई है। महानगर के कई इलेक्ट्रानिक और इलेक्ट्रिक की दुकानों पर एयर कंडीशनर, कूलर, पंखे की खरीदारी तेज हो गई है। इनवर्टर पर चलने वाले एयर कंडीशनर की भी इस बार डिमांड अधिक है।