आगरा में छाया घना कोहरा:तापमान 7 डिग्री से नीचे पहुंचा, 31 दिसंबर तक कोहरे और शीतलहर का अलर्ट

# ## Agra Zone

(www.arya-tv.com) आगरा में सोमवार सुबह घना कोहरा छाया हुआ है। दृश्यता शून्य है। शीतलहर चलने से कड़कड़ाती ठंड का अहसास हो रहा है। सीजन में पहली बार पारा 7 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। आने वाले दिनों में भी कोहरा छाए रहने का अलर्ट जारी किया गया है।

आगरा में कड़ाके की ठंड पड़ना शुरू हो गई है। सोमवार सुबह जब लोगों की नींद खुली तो बाहर घना कोहरा छाया हुआ था। कोहरे में कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। आलम ये था कि सुबह-सुबह वाहनों को लाइट जलानी पड़ी। ठंड और कोहरे के कारण लोग घर में ही दुबके रहे। सुबह 10 बजे तक मौसम साफ नहीं हुआ था। ठंडी हवा चलने से कंपकंपी का अहसास हो रहा था। ऐसे में स्कूल जाने वाले बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ठंड के चलते अधिकांश बच्चे स्कूल नहीं गए।

तापमान 7 डिग्री से कम पहुंचा
सर्दी के सीजन में पहली बार 25 दिसंबर को तापमान 7 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंचा है। न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री दर्ज किया गया। यही नहीं अधिकतम तापमान भी अब 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया है।

पर्यटकों को मायूसी

कोहरा छाने से पर्यटकों को भी परेशानी हुई।सुबह ताजमहल पहुंचाने वाले पर्यटकों को मुख्य गुंबद कोहरे में दिखाई नहीं दी। 10 बजे के बाद कोहरा कम होने पर स्मारक के दीदार हुए। ऐसे में सेंट्रल टैंक से फोटो लेने वाले पर्यटक मायूस रहे।

31 दिसंबर तक रहेंगे ऐसे हालात
मौसम विभाग ने 31 दिसंबर तक आगरा में घना कोहरा और शीतलहर का अलर्ट जारी किया हुआ है। आने वाले दिनों में तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है तो वहीं अधिकतम तापमान में भी तेजी से गिरावट देखने को मिलेगी।