कब होगी भारत-बांग्लादेश क्रिकेट सीरीज? BCB अध्यक्ष तमीम इकबाल ने दिया नया अपडेट

# ## Game

भारत और बांग्लादेश के बीच क्रिकेट सीरीज पर अब नया अपडेट आया है. इस पर नई जानकारी बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष तमीम इकबाल ने शेयर की है. अब सवाल है कि कब? भारत और बांग्लादेश के बीच वनडे और T20 की सीरीज इस साल अगस्त-सितंबर में होनी थी, जो कि दोनों देशों के बीच उपजे राजनीतिक तनाव के चलते अधर में लटक गई. लेकिन, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष तमीम इकबाल ने साफ कहा कि भारत के साथ सीरीज नहीं होगी, ऐसा कुछ भी अभी तय नहीं है. मतलब सीरीज के होने की संभावना बरकरार है.

भारत-बांग्लादेश सीरीज के लिए नए विंडो की तलाश

बांग्लादेश 3 वनडे और 3 T20 की सीरीज के लिए भारत की मेजबानी करने वाला है. तमीम इकबाल ने कहा कि BCB और BCCI, दोनों इस सीरीज को कराने को लेकर आश्वस्त हैं. उनके मुताबिक दोनों देशों के क्रिकेट बोर्ड इसके लिए नए विंडो की तलाश में हैं. तमीम के इस बयान से ये साफ हो जाता है कि अब भारत-बांग्लादेश सीरीज अपने पिछले शेड्यूल के अनुसार यानी अगस्त-सितंबर में नहीं होगी.

भारत-बांग्लादेश सीरीज पर तमीम इकबाल ने क्या कहा?

तमीम इकबाल ने भारत-बांग्लादेश सीरीज को लेकर बात स्पोर्ट्स प्लैटफॉर्म नॉट आउट नोमान पर की. उन्होंने कहा कि BCB और BCCI दोनों सीरीज कराने के प्रति ईमानदार हैं और उसके लिए हम नए विंडो की तलाश कर रहे हैं कि किस समय पर उसे कराया जा सकता है. इस समय सीरीज हो सकती है या नहीं, हम इस बारे में भी सोच रहे हैं. उन्होंने कहा कि हमारे इरादे सकारात्मक हैं. कुछ ऐसी चीजें हैं जो हमारे कंट्रोल से बाहर हैं और मैं BCB अध्यक्ष के तौर पर कभी उस रेखा को पार नहीं करना चाहता. लेकिन इरादे अच्छे हैं, हम लगातार बातचीत कर रहे हैं. तारीखें भी तय की जा रही हैं, क्योंकि बांग्लादेश भी व्यस्त है, वे भी व्यस्त हैं. बांग्लादेश की बीच में तीन सीरीज हैं. उधर भारत भी अपने मैचों को लेकर बहुत व्यस्त है. लेकिन हम इस मामले पर लगातार चर्चा कर रहे हैं.