सुल्तानपुर में शिक्षक दंपती की हत्या: टूटे CCTV, खून से सने पैरों के निशान और स्कूल के औजारों ने बढ़ाया रहस्य

# ## UP

सुल्तानपुर। कुम्हीगांव में शिक्षक दंपती मुकेश सिंह और विनीता सिंह की हत्या का मामला उलझता जा रहा है। घटनास्थल पर मिले खून से सने पैरों के निशान, टूटे सीसीटीवी कैमरे और स्कूल के औजारों ने पुलिस की जांच को कई अहम दिशा दी हैं। पुलिस को आशंका है कि वारदात में चार से अधिक लोग शामिल हो सकते हैं। वहीं, घटनास्थल के हालात से यह भी संकेत मिले हैं कि दंपती ने हमलावरों का मुकाबला किया था।

खून के निशान और घसीटे जाने के साक्ष्य, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए नमूने

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटनास्थल के बरामदे में खून फैला मिला है। वहीं, विनीता के पैर पकड़कर उन्हें कुछ दूरी तक कमरे की ओर घसीटे जाने के साक्ष्य भी सामने आए हैं। फॉरेंसिक टीम ने मौके से नमूने जुटाए हैं। हालांकि, डॉग स्क्वायड भी हत्यारोपियों की दिशा का पता नहीं लगा सका।

मैदान में मिला मुकेश का शव, संघर्ष के मिले संकेत

मुकेश सिंह के गले पर चोट के निशान मिले हैं, जो कुल्हाड़ी के वार जैसे बताए जा रहे हैं। उनका शव परिसर के बाहर मैदान में घास पर पड़ा मिला। उनका एक हाथ पीठ के पीछे दबा हुआ था।

घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए पुलिस को आशंका है कि हत्या से पहले दंपती ने हमलावरों से संघर्ष किया होगा। वारदात में चार से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना भी जताई जा रही है।

स्कूल के फावड़े और कुल्हाड़ी से हत्या की आशंका

जांच में एक अहम बात सामने आई है कि घटनास्थल से मिले फावड़े और कुल्हाड़ी स्कूल के ही हैं। ऐसे में पुलिस को आशंका है कि हत्यारोपियों को परिसर की पहले से जानकारी थी। हालांकि, इस संबंध में जांच अभी जारी है।

CCTV कैमरे तोड़े, DVR से मिल सकता है अहम सुराग

वारदात के बाद बरामदे और प्रवेश द्वार पर लगे सीसीटीवी कैमरे टूटे मिले। डीवीआर को भी नुकसान पहुंचाया गया, लेकिन वह पूरी तरह नष्ट नहीं हुआ है। पुलिस को उम्मीद है कि डीवीआर से कोई अहम जानकारी मिल सकती है।

इसके साथ ही पुलिस दोनों मृतकों के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) भी खंगाल रही है, ताकि वारदात से जुड़े लोगों और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा सके।