प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ प्रदेश व्यापी अभियान का आगाज

Lucknow

लखनऊ : स्वच्छ भारत मिशन (नगरीय) उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में प्रदेश में सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए वृहद स्तर पर चार दिवसीय विशेष अभियान की शुरुआत मंगलवार को की गई। प्रमुख सचिव नगर विकास अमृत अभिजात के दिशा निर्देशन में प्रदेश के सभी नगरीय निकायों के अधिकारियों एवं प्रवर्तन दल द्वारा पर्यावरण के लिए हानिकारक सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान इसका प्रयोग करने वालों से भारी जुर्माना भी वसूला गया।

प्रमुख सचिव नगर विकास अमृत अभिजात ने बताया कि केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा दिए गए दिशा निर्देशों के अनुसार सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ मंगलवार से चार दिवसीय छापेमारी अभियान की शुरुआत की गई। 30 दिसंबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत सिंगल यूज़ प्लास्टिक का प्रयोग करने वालों पर भारी जुर्माना लगाए जाने के साथ ही उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

  • चार दिन तक चलेगा अभिमन

अभियान मंगलवार 27 दिसम्बर को शुरू कर दिया गया है। पहले दिन पटरी दुकानदारों व स्थानीय स्तर पर प्रतिबंधित प्लास्टिक का प्रयोग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर भारी जुर्माना वसूला गया। दूसरे दिन बुधवार को प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक का प्रयोग करने वाले लोग दुकानदारों के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। तीसरे दिन औद्योगिक क्षेत्र में अभियान चलाकर प्रतिबंधित प्लास्टिक का निर्माण करने वालों के खिलाफ छापेमारी कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। चौथे दिन प्रदेश के सभी एयरपोर्ट एवं रेलवे स्टेशनों पर अभियान चलाया जाएगा।

गौरतलब है कि प्रदेश में सिंगल यूज प्लास्टिक (100 माइक्रॉन से कम) प्रतिबंधित है। इसी प्रतिबंध को प्रभावी बनाने के लिए विभाग द्वारा समय-समय पर अभियान चलाया जाता है। वहीं दूसरी ओर आम जनमानस को सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रभावों के बारे में जागरूक करने के साथ ही कागज एवं कपड़े के थैले का इस्तेमाल करने के लिए भी वृहद स्तर पर अभियान चलाया जा चुका है।

  • कई जिलों में कार्रवाई शुरु

प्रमुख सचिव के आदेश पर प्रदेश के कई नगरीय निकायों में मंगलवार को कार्रवाई की गई। जनपद मऊ के नगर पंचायत घोसी, नगर पालिका परिषद बलिया, नगर पंचायत अजमतगढ़, नगर पंचायत ठिरिया बरैल्ली में शासन की मंशा के अनुरूप प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक पर अभियान चलाकर छापेमारी की गई जिसमें, जुर्माना भी वसूला गया।