वाराणसी में कुछ राहत 12 कोरोना संक्रमित मरीज हुए डिस्चार्ज, और दो में हुई पुष्टि

UP Varanasi Zone

वाराणसी।(www.arya-tv.com) बीएचयू लैब से सोमवार को मिले 306 सैंपल के परिणाम में ईएसआइसी अस्पताल में भर्ती सात और पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल में भर्ती पांच मरीजों की फॉलोअप रिपोर्ट निगेटिव आई। इन 12 मरीजों को स्वस्थ घोषित कर अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।

इन मरीजों में तीन का संबंध पुलिस विभाग व नौ का जैनपुरा, हीरामनपुर, आंधी सिंधौरा, गौरा, कुरौना, हरतीरथ, छितौना, तुलसी कुआं व हबीबपुरा हॉट स्पॉट से हैं। वहीं, दो नए पॉजिटिव केस भी सामने आए हैं। जिसमें 45 वर्षीय महिला अवधगर्बी, सोनारपुर की निवासी है। इनके पति मुर्गी दाना की सप्लाई करते हैं। दूसरा, 52 वर्षीय पॉजिटिव मरीज लखनऊ का निवासी है। वह हिमाचल प्रदेश में नौकरी करता था। पांच जून को ट्रांसफर होकर ट्रेन से बनारस आया। ब्रिज इंक्लेव थाना भेलूपुर में निवास कर रहा है।

ज्वाइनिंग से पहले लाल पैथ लैब में जांच के लिए सैंपल दिया था। इस प्रकार जनपद में पॉजिटिव मरीजों की संख्या 239 हो गई है। इनमें 149 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। एक्टिव मरीज 85 हैं। अवधगर्बी व ब्रिज इंक्लेव दो नए हॉट स्पॉट बनेंगे। जनपद में हॉट स्पॉट की संख्या 122 हो गई है। चिरईगांव एवं महगांवपुरा हॉटस्पॉट आज ग्रीन जोन में आ गए। अब तक 53 हॉटस्पॉट ग्रीन जोन में आ चुके हैं। एक्टिव हॉटस्पॉट की संख्या 69 है। 69 एक्टिव हॉट स्पॉट में 23 ऑरेंज व 46 रेड जोन में हैं।

मिर्जामुराद करधना गांव निवासी कोरोना मरीज के घर रविवार की रात पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने परिवार के 12 सदस्यों का सैंपल लिया। मुंबई से आए 26 वर्षीय कोरोना मरीज को पीडीडीयू अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। हॉटस्पॉट एरिया में ग्रामीणों के स्वास्थ्य जांच के लिए थर्मल स्कैनिंग किया जा रहा है। कोरोना मरीज के घर वालों को घर में ही क्वारंटाइन करा दिया गया है। कोरोना मरीज के घर के आस-पास बैरिकेडिंग कर पुलिस फोर्स लगी है। वहीं, इसकी जानकारी पर मुंबई से घर आने वाले परिवार के चार सदस्यों ने टिकट कैंसिल करा दिया।