गाजियाबाद के खोड़ा में सनसनीखेज वारदात, रिश्ता टूटने पर युवक ने दो बहनों को मारी गोली

# ## Meerut Zone UP

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक बेहद खौफनाक मामला सामने आया है। UP के खोड़ा थाना क्षेत्र में एक सिरफिरे युवक ने घर में घुसकर दो सगी बहनों पर अंधाधुंध गोलियों की फायरिंग कर दी। इस जानलेवा हमले में दोनों बहनें गंभीर रूप से घायल हो गई हैं, जिन्हें इलाज के लिए दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है।

4 महीने पहले टूटा था जॉनी का रिश्ता

यह पूरी घटना खोड़ा थाना क्षेत्र के आदर्श नगर वाल्मीकि चौक की है। घायल युवतियों की पहचान 20 वर्षीय खुशी और उसकी छोटी बहन 18 वर्षीय निधि के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, गाजियाबाद के पुराना बस अड्डा (बारादरी) के रहने वाले आरोपी जॉनी के साथ खुशी का करीब डेढ़ साल पहले रिश्ता तय हुआ था। हालांकि, जॉनी की कुछ गलत आदतों और हरकतों की वजह से परिवार ने करीब चार महीने पहले यह रिश्ता तोड़ दिया था। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।

छज्जे के रास्ते घर में घुसा युवक

चश्मदीदों और पड़ोसियों के मुताबिक, आरोपी जॉनी घटना से पहले करीब आधे घंटे तक गली में चक्कर काट रहा था। इसके बाद वह पड़ोसी की छत के सहारे घर की ऊपर वाली मंजिल पर चढ़ गया। जॉनी के हाथ में बंदूक देखकर दोनों बहनें डर गईं और उन्होंने खुद को एक कमरे में बंद कर लिया। लेकिन सिरफिरे ने खिड़की का शीशा तोड़ दिया और दरवाजे के रास्ते में रुकावट के लिए रखे फ्रिज को हटाकर जबरन अंदर घुसने की कोशिश की। इसके बाद उसने दोनों बहनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में खुशी को चार गोलियां लगीं, जबकि छोटी बहन निधि के मुंह पर एक गोली लगी है।

अस्पताल में भर्ती हुई दोनों युवती, आरोपी की तलाश में पुलिस

गोलियों की आवाज सुनकर जब तक लोग इकट्ठा हुए, आरोपी मौके से फरार हो चुका था। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और लहूलुहान हालत में दोनों बहनों को दिल्ली के लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। इस मामले पर गाजियाबाद ट्रांस हिंडन जोन के डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। आरोपी जॉनी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उसे दबोच लिया जाएगा।