हिन्द नगर की जन चौपाल में गूंजीं जनसमस्याएं, महापौर ने अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

Lucknow

लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर नगर निगम लखनऊ द्वारा संचालित जन चौपाल अभियान के तहत मंगलवार को जोन-8 के हिन्द नगर वार्ड स्थित नेबरहुड पार्क में जन चौपाल का आयोजन किया गया। महापौर सुषमा खर्कवाल की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं और सुझाव रखे।

  • जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी में हुई जनसुनवाई

कार्यक्रम में पार्षद सौरभ सिंह ‘मोनू’, अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव, जोनल अधिकारी विकास सिंह, मंडल अध्यक्ष के.के. श्रीवास्तव, अधिशासी अभियंता शील श्रीवास्तव, अधिशासी अभियंता प्रदीप यादव, उद्यान अधीक्षक गंगाराम गौतम, जोनल सेनेटरी ऑफिसर जितेंद्र गांधी सहित नगर निगम के अधिकारी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

  • कूड़ा उठान और सफाई व्यवस्था पर लोगों ने जताई नाराजगी

जन चौपाल में नागरिकों ने डोर-टू-डोर कूड़ा उठान व्यवस्था में अनियमितता की शिकायत की। लोगों का कहना था कि पहले नियमित रूप से कूड़ा उठाया जाता था, लेकिन अब कई स्थानों पर दो से तीन दिनों तक कूड़ा नहीं उठाया जा रहा है। नालियों से निकाले गए कूड़े का समय पर निस्तारण न होने और पिछली गलियों में नियमित सफाई न होने की समस्याएं भी प्रमुखता से उठाई गईं।

  • सीवर जाम और पेयजल संकट से परेशान क्षेत्रवासी

क्षेत्रीय नागरिकों ने सीवर लाइनों की समुचित सफाई न होने से बार-बार चोक होने और जलभराव की समस्या की शिकायत की। इसके साथ ही कई लोगों ने पिछले तीन-चार दिनों से पेयजल आपूर्ति बाधित रहने की जानकारी देते हुए शीघ्र समाधान की मांग की। महापौर ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई कर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

  • सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर रहेगा विशेष ध्यान

जन चौपाल में कई स्थानों पर सड़क की टाइल्स उखड़ने और मार्गों के क्षतिग्रस्त होने का मुद्दा भी उठा। इस पर महापौर ने बताया कि संबंधित कार्यों की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और निर्माण कार्य प्रगति पर है। उन्होंने अधिकारियों को कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा समयसीमा में कार्य पूरा न करने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

  • आवारा पशु, बंदरों और जाम की समस्या पर भी चर्चा

नागरिकों ने आवारा कुत्तों और बंदरों की बढ़ती समस्या से अवगत कराया। महापौर ने कहा कि बंदरों का विषय वन विभाग के अधिकार क्षेत्र में आता है, फिर भी संबंधित विभाग से समन्वय कर समस्या के समाधान का प्रयास किया जाएगा। बंगला बाजार क्षेत्र में लगने वाले जाम की समस्या पर भी अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

  • वेंडिंग जोन और पार्कों के रखरखाव को लेकर दिए निर्देश

जन चौपाल में रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों के लिए प्रस्तावित वेंडिंग जोन के कार्य में आ रही बाधाओं का मुद्दा भी सामने आया। महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी अड़चनों को दूर कर वेंडिंग जोन की व्यवस्था शीघ्र लागू की जाए। साथ ही पार्कों के बेहतर रखरखाव और सौंदर्यीकरण के लिए उद्यान विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

  • नागरिकों ने की नगर निगम के कार्यों की सराहना

ब्लॉक-डी क्षेत्र के नागरिकों ने कूड़ा प्रबंधन और स्वच्छता व्यवस्था में हुए सुधार की प्रशंसा करते हुए कहा कि वर्तमान कार्यकाल में सफाई व्यवस्था पहले की तुलना में काफी बेहतर हुई है। लोगों ने ऐसी व्यवस्थाओं को अन्य क्षेत्रों में भी लागू किए जाने की अपेक्षा जताई।

  • जन चौपाल बन रही समाधान का प्रभावी माध्यम

महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि जन चौपाल अभियान नागरिकों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी मंच बन रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जन चौपाल में प्राप्त सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि नागरिकों को बेहतर नगर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।