Shahjahanpur Road Accident: जल लेकर लौट रहे कांवड़ियों को ट्रक ने मारी टक्कर, 6 गंभीर रूप से घायल; हाईवे पर मचा हड़कंप

# ## Bareilly Zone

शाहजहांपुर: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में शुक्रवार सुबह कांवड़ियों के जत्थे के साथ बड़ा सड़क हादसा हो गया। जैतीपुर थाना क्षेत्र के बमिहाना गांव के पास रामगंगा घाट से जल भरकर लौट रहे कांवड़ियों की ट्रैक्टर-ट्रॉली को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 6 कांवड़िए गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसा सुबह करीब 5 बजे नवादा मोड़ पुलिस चौकी से कुछ दूरी पर हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि आलू से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गया।

पीछे से ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुसा ट्रक

जानकारी के मुताबिक, बमिहाना गांव के 14 कांवड़ियों का जत्था ट्रैक्टर-ट्रॉली से रामगंगा घाट से जल लेकर वापस लौट रहा था। इसी दौरान दातागंज की ओर से आ रहे तेज रफ्तार आलू लदे ट्रक ने पीछे से ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में छह कांवड़िए गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, ट्रक सड़क किनारे खाई में जा पलटा।

5 घायलों को दूसरे अस्पताल रेफर किया गया

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी विदुष सक्सेना और थाना प्रभारी रामेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

गंभीर हालत को देखते हुए चार कांवड़ियों को बरेली और एक को शाहजहांपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। वहीं, एक घायल का इलाज जैतीपुर के निजी अस्पताल में चल रहा है।

हाइड्रा से हटाए गए दुर्घटनाग्रस्त वाहन

हादसे के बाद सड़क पर यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने हाइड्रा मशीन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉली को सड़क से हटवाया और रास्ता साफ कराया।

पुलिस हादसे के कारणों और ट्रक चालक की स्थिति को लेकर आगे की जांच कर रही है।