महिला दिवसा की पूर्व संध्या पर लखनऊ की प्रथम महिला महापौर रही संयुक्ता भाटिया को सम्मनित किया गया

Lucknow

(www.arya-tv.com)लखनऊ की महापौर श्रीमती सुषमा खार्कवाल ने महिला दिवस की पूर्व संध्या पर महिला सदन का आयोजन त्रिलोकनाथ रोड स्थित नगर निगम मुख्यालय के त्रिलोकनाथ हॉल मे आहूत किया गया जिसमें महापौर द्वारा वर्तमान महिला पार्षदों संग पूर्व महिला पार्षद एवं लखनऊ की प्रथम महिला महापौर रही श्रीमती संयुक्ता भाटिया को आमंत्रित किया गया।

इस मौके पर महापौर श्रीमती सुषमा खार्कवाल ने महिला दिवस की पूर्व दिवस पर पूर्व महापौर (लखनऊ कि पहली महिला महापौर) श्रीमती संयुक्ता भाटिया जी को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और भगवान लक्ष्मण जी की प्रतिमा देकर स्वागत किया।

महापौर के आमंत्रण पर पहुंची पूर्व महापौर श्रीमती संयुक्ता भाटिया ने महापौर की प्रशंसा करते हुए कहा कि 8 मार्च 2021 को महिला दिवस के अवसर पर हम सभी ने पहला महिला सदन अहुत किया था, जिसके पश्चात 2022 में विधानसभा चुनाव के नाते और 2023 में कार्यकाल समाप्ति के कारण महिला दिवस पर महिला सदन नहीं हो सका था। लेकिन नई महापौर श्रीमती सुषमा खार्कवाल  ने इसे पुनः प्रारम्भ किया इसके लिए मैं महापौर जी का आभार जताती हूँ और लखनऊ कि महिलाओं की और से धन्यवाद देती हूं। पूर्व महापौर संयुक्ता भाटिया ने आगे कहा कि आपको जानकर गर्व होगा कि हम सब के द्वारा प्रारम्भ किये गए महिला सदन का अनुसरण करते हुए  विधानसभा अध्यक्ष  ने उत्तर प्रदेश विधानसभा में भी 1 दिन महिला सदन चलाया था। महिला सदन में हमने सभी महिला पार्षदों को बोलने का मौका दिया था और जो महिला सदन में कभी भी नहीं बोली थी, बोलने मे घबड़ाती थी उन्होंने भी माइक पकड़ने पर जोरदार तरीके से महिला मुद्दों को उठाया था। यहाँ तक उसके बाद महिला पार्षदों के पतियों ने मुझसे कहा कि अगर आप इनको राजनीती सिखा देगी तो हमको घर में रोटी बेलनी पड़ेंगी।

पूर्व महापौर संयुक्ता भाटिया ने कहा कि महिलाओं में दोहरी शक्ति होती है वह घर कि जिम्मेदारियों के साथ ही बाहर की जिम्मेदारियों को भी बखूबी निभाती है। नगर निगम मे महिला पार्षदों को भी यही जिम्मेदारियों को निभाना चाहिए। पूर्व महापौर संयुक्ता भाटिया ने आगे कहा कि सुषमा जी मेरी छोटी बहन है, हमने मिलकर महिला मोर्चा मे काम किया है, मेरी उम्र 75 वर्ष पूर्ण होने के कारण भले संवैधानिक दायित्वों से मुक्त कर दिया गया हो परन्तु सामाजिक जीवन मे अभी भी सक्रिय हूं।सुषमा जी और लखनऊ को ज़ब भी मेरी आवश्यकता होंगी, मै हमेशा हाजिर रहूँगी।

इस मौके पर अपने अभिभाषण मे महापौर सुषमा खार्कवाल ने कहा कि श्रीमती संयुक्ता भाटिया  द्वारा प्रारम्भ किया गया यह महिला दिवस आगामी 5 वर्ष भी जारी रहेगा।