वाराणसी CJM कोर्ट में आज पेश होगा समर सिंह:रिमांड पर लेने के लिए पुलिस दाखिल करेगी अपील

# ## Varanasi Zone

(www.arya-tv.com) भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मौत में नामजद गायक समर सिंह को गाजियाबाद में गिरफ्तारी के बाद वाराणसी लाया गया। कड़ी सुरक्षा के बीच आज उसे जिला सत्र न्यायालय की CJM कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस समर सिंह को रिमांड पर लेकर पूछताछ करना चाहती है, जिसे लेकर वह कोर्ट में अपील करेगी। जबकि आकांक्षा दुबे के पैरोकार वकील शशांक शेखर त्रिपाठी समर पर धारा 302 का चार्ज बनाने की गुहार लगाएंगे।

दिल्ली से विदेश भागने की तैयारी में था समर
वाराणसी के सारनाथ में आकांक्षा दुबे की लाश 26 मार्च को होटल के कमरे में मिली थी। आकांक्षा की मां ने सिंगर समर सिंह और भाई संजय सिंह के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी थी। बताया था कि बेटी के साथ रिलेशनशिप में रहने के बाद धोखा दे दिया था। यही नहीं आत्महत्या करने के लिए भी उकसाया था। केस दर्ज होने के बाद से समर और उसका भाई फरार थे।

समर सिंह को वाराणसी पुलिस ने गाजियाबाद की एक सोसाइटी में करीबी दोस्त के घर से गुरुवार सुबह गिरफ्तार किया। समर दिल्ली से विदेश जाने की फिराक में था, लेकिन ऐन वक्त पर लुकआउट नोटिस जारी होने से गाजियाबाद में रुक गया।

नंदग्राम थाना क्षेत्र से वारदात के 13वें दिन शुक्रवार को आरोपी को गाजियाबाद की CJM कोर्ट में पेश कर पुलिस ने ट्रांजिट रिमांड की अर्जी दाखिल की। ट्रांजिट रिमांड को मंजूरी मिलने के बाद समर सिंह को शनिवार भोर में वाराणसी लाया गया। 24 घंटे की ट्रांजिट रिमांड पर लेकर आई वाराणसी पुलिस आज उसे कोर्ट में पेश करेगी।

आकांक्षा के वकील ने तैयार किए दस्तावेज
आकांक्षा दुबे की मां मधु दुबे के वकील शशांक शेखर त्रिपाठी शुक्रवार को गायक समर सिंह के खिलाफ साक्ष्य जुटाते रहे। शशांक शेखर त्रिपाठी ने बताया कि शनिवार को कोर्ट में पेशी के दौरान वादी के वकील भी आरोपी को पुलिस रिमांड पर भेजने की अपील करेंगे। दलील देंगे कि मौत की वजह और समर की संलिप्तता की जानकारी को देखते हुए पुलिस रिमांड पर दिया जाए। विवेचना पूरी होने तक आरोपी को जेल में रखा जाए।

अभी पुलिस ने आरोपी को आईपीसी की धारा 306 में गिरफ्तार किया है। इसके बाद धारा 302 के तहत रिमांड बने। 302 में रिमांड के लिए बिसरा और अन्य रिपोर्ट की जल्द मांग करेंगे। समर सिंह का काल डिटेल भी निकाला जाए और कमिश्नर को तलब करने की बात कहेंगे।

FIR के खिलाफ समर को कोर्ट से राहत नहीं मिली
भोजपुरी गायक समर सिंह के खिलाफ पुलिस का एक्शन मोड 48 घंटे में कारगर दिखा। ताबड़तोड़ दबिश के बीच समर पुलिस के हत्थे चढ़ गया। गिरफ्तारी से भागते समर सिंह और संजय सिंह के खिलाफ कोर्ट ने NBW जारी किया था। वहीं, एक दिन पहले लुकआउट नोटिस के बाद इनाम और कुर्की की तैयारी भी थी। समर FIR के विरोध में कोर्ट भी गया, लेकिन उसे राहत नहीं मिल सकी।

मधु दुबे ने पुलिस पर लगाया मनमानी का आरोप
अभिनेत्री की मां मधु दुबे ने बेटी की मौत के बाद पुलिस पर मनमानी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उनकी पहली तहरीर पर केस दर्ज नहीं किया गया। बल्कि दरोगा ने घुमा फिराकर नई तहरीर लिखवाई। उसमें अपनी ओर से शब्द लिखकर केस दर्ज कर दिया। पुलिस ने अब तक कोई भी रिपोर्ट परिजनों को नहीं दी।