इरफान सोलंकी फेसबुक लाइव करते हुए कमिश्नर आवास पहुंचे, 20 दिन से फरार थे

# ## Kanpur Zone

(www.arya-tv.com) सपा विधायक इरफान सोलंकी ने शुक्रवार को सरेंडर कर दिया। साथ में उनके भाई रिजवान भी मौजूद रहे। पुलिस कमिश्नर बीपी जोगदंड के आवास पर जब इरफान सरेंडर करने पहुंचे तो उनकी आंखों में आंसू थे। बेटी से लिपटकर वह रोने लगे। सरेंडर के लिए आते समय इरफान अपने फेसबुक पेज पर लाइव थे। वह 8 नवंबर की रात यानी 20 दिन से फरार थे।

मीडिया के किसी भी सवाल का उन्होंने जवाब नहीं दिया। मीडिया ने इरफान और रिजवान से पूछा कि आप इतने दिन कहां थे? इस पर दोनों ही चुप्पी साधे रहे। उनके साथ पूरी फैमिली और सपा विधायक अमिताभ बाजपाई, नगर अध्यक्ष भी मौजूद हैं।

आज कुर्की की नोटिस चस्पा होनी थी
आज उनके घर कुर्की की नोटिस चस्पा हो सकती थी। इससे पहले ही इरफान ने सरेंडर कर दिया। विधायक और उनके भाई के खिलाफ यह कार्रवाई पड़ोसी महिला का घर फूंकने के आरोप में की जा रही है। दोनों का सालों से प्लॉट को लेकर विवाद चल रहा है। DCP क्राइम सलमान ताज पाटिल ने बताया कि सपा विधायक इरफान सोलंकी और उनके भाई को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। कोर्ट से उनके रिमांड की मांग की जाएगी।

प्लॉट पर कब्जा की शिकायत करने वाली महिला भी कोर्ट में मौजूद
कुछ देर में विधायक इरफान सोलंकी को MM-3 आलोक यादव की कोर्ट में पेश किया जाएगा। सपा नगर अध्यक्ष डॉक्टर इमरान समेत पार्टी के पार्षद और कार्यकर्ता पहुंचे हैं। बड़ी संख्या में आरआरएफ की तैनाती की गई है। प्लॉट पर कब्जा करने की शिकायत करने वाली नजीर फातिमा भी कोर्ट में मौजूद हैं।

नजीर फातिमा ने बताया कि वो विधायक की जमानत नहीं होने देंगी। हर स्तर पर विरोध करेंगी। इसीलिए आज कोर्ट में अधिवक्ताओं के साथ आई हैं। विधायक की गिरफ्तारी से उसे कुछ हद तक इंसाफ मिला है। नजीर फातिमा की अधिवक्ता प्राची श्रीवास्तव ने कहा कि जमानत का विरोध करने के लिए वकालतनामा लगा दिया है।