- बिजनौर बाजार में जलभराव से लोग परेशान, रोज लग रहा घंटों जाम: राजा बिजली पासी द्वितीय वार्ड का मामला
लखनऊ। राजा बिजली पासी वार्ड द्वितीय के अंतर्गत आने वाले बिजनौर बाजार में पिछले दो सप्ताह से जलभराव की समस्या लगातार बनी हुई है, जिससे स्थानीय लोगों और व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बाजार की मुख्य सड़क पर पानी भरा होने के कारण दिनभर वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं और जाम की स्थिति सामान्य हो गई है।
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि सड़क पर जमा पानी की वजह से ग्राहकों को बाजार आने में दिक्कत हो रही है, जिससे व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। राहगीरों और वाहन चालकों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। कई जगह सड़क खराब होने से दुर्घटना की आशंका भी बढ़ गई है।
व्यापारियों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र की पार्षद पिंकी रावत द्वारा समस्या की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। दुकानदारों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक जलनिकासी की कोई स्थायी व्यवस्था नहीं कराई गई। इनके पति लवकुश रावत ही सारा कार्य देखते हैं पर उनसे किसी भी समस्या से कोई मतलब नहीं है। जबकि पार्षद नगर निगम कार्यकारिणी की सदस्य भी हैं।
स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम से जल्द जलभराव की समस्या का समाधान कराने, नालियों की सफाई करवाने और सड़क को दुरुस्त कराने की मांग की है ताकि बाजार में यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके और लोगों को राहत मिल सके।
