CISF जवान ने AK 47 से गोली मार खुदकुशी की

National

(www.arya-tv.com) भीलवाड़ा में सोमवार सुबह सीआईएसएफ के जवान ने खुदकुशी कर ली। ड्यूटी पर तैनात जवान ने एके-47 से खुद को गोली मारी। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। जवान का नाम बी रंजीत कुमार था। वह तमिलनाडु का रहने वाला था। फिलहाल, कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। वहीं, सामने आया है कि जवान की एक महीने बाद शादी थी।

पुलिस के मुताबिक, हनुमान नगर क्षेत्र में सीआईएसएफ की 9वीं रिजर्व बटालियन का कैंप है। जवान बी रंजीत कैंप के गेट नंबर-2 पर तैनात था। सोमवार सुबह 5 बजे बी रंजीत ने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर आसपास तैनात जवान पहुंचे। वह तुंरत बी रंजीत कुमार को नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने जवान के शव को मोर्चरी में रखवाया है। परिजनों के आने के बाद उनका पोस्टमार्टम किया जाएगा।

सीने में 4 गोली मारी, 2 पार हुई
सोमवार सुबह जवान ने ड्यूटी पोस्ट के पास एक सीटनुमा निर्माण पर बैठकर खुद को गोली मारी। शव पर 4 गोलियों के निशान मिले हैं। वहीं, घटनास्थल के पास दीवार पर दो गोली के निशान दिखाई दिए हैं। यानी दो गोली दिल के पास सीने को चीरते हुए आर-पार हो गई। पुलिस का मानना है कि एके-47 का ट्रिगर दबाते वक्त राइफल ऑटो मोड में थी। जिसके चलते एक साथ चार गोली फायर हुई। डॉक्टर ने भी 4 गोली लगने की पुष्टि की है। हालांकि, पोस्टमार्टम के बाद सही स्थिति सामने आएगी।

एक महीने बाद होनी थी शादी
शुरुआती पड़ताल में सामने आया है कि रंजीत ने गत दिसम्बर माह में देवली बटालियन ज्वॉइन की थी। ऐसे में उसे यहां आए एक माह से कम समय बीता था। जवान की 21 फरवरी को शादी होनी थी। घटनास्थल पर मृतक का मोबाइल मिला है। मोबाइल को तकनीकी मदद से खोलने की कोशिश की जा रही है। जिससे आत्महत्या के कारणों का पता लग सकेगा। मृतक का घर चेन्नई से करीब 300 किमी. दूर है। ऐसे में भीलवाड़ा पहुंचने में उनको राह हो जाएगी। लिहाजा, बुधवार को शव का पोस्टमार्टम हो सकेगा।

साथी बोले- कभी किसी परेशानी का जिक्र नहीं किया

उधर, बटालियन के जवान भी घटना से हैरान हैं। साथी जवानों का कहना है कि रंजीत ने अपनी परेशानी का जिक्र किसी से नहीं किया।