लव मैरिज के बाद राज को थी हत्या की आशंका:इसलिए हैदराबाद शिफ्ट हुआ

# ## Agra Zone

(www.arya-tv.com) आगरा के रोहता में राज परमार की हत्या की गई। 24 घंटे में पुलिस हत्यारोपी साले तक नहीं पहुंच सकी है। बुधवार को छानबीन में सामने आया कि लव मैरिज के बाद से ही राज को हत्या किए जाने का अंदेशा था। इसलिए वो आगरा शिफ्ट हुआ। वो डेढ़ साल बाद आगरा गर्भवती रामा की डिलीवरी कराने के लिए लौटा था। उससे पहले ही साले ने राज को गोली मार दी।

मंगलवार को हुए इस मर्डर में कई अहम बातें सामने आईं हैं…

पहले पति को छोड़कर आई थी रामा

पुलिस की छानबीन में सामने आया है कि रामा और राज कई वर्ष से एक दूसरे से प्रेम करते थे। परिवार के लोगों ने मर्जी के खिलाफ रामा की शादी थाना कटुमर अलवर निवासी युवक से कर दी। दो वर्ष पहले पति से विवाद होने पर वह मायके आ गई।

इसी दौरान उसकी मुलाकात राज से हुई। वो अपना घर छोड़कर राज के साथ रहने चली गई। इसके बाद रामा के पति ने राज के खिलाफ अलवर में केस दर्ज करा दिया। कोर्ट में रामा ने राज के पक्ष में बयान दिया। जिसके बाद वह मायके में रहने लगी। भाई शिवशंकर और परिवार के लोग उसे जबरन पहले पति के पास भेजना चाहते थे। वह इसके लिए तैयार नहीं थी। डेढ़ वर्ष पहले घर छोड़कर वह राज के साथ हैदराबाद चली गई। शादी करके उसके साथ रहने लगी। यह बात भाई शिवशंकर और परिवार के लोगों को बुरी लग गई।

साथ में रह रहा था साला

पत्नी की डिलीवरी कराने के लिए जिस घर में राज रह रहा था, वहां के दूसरे किराएदार योगेश ने बताया कि राज और रामा 10 दिन पहले ही यहां पर किराए पर आए थे। राज हैदराबाद में पत्थर का काम करता था। तीन दिन पहले राज ने पत्नी को लेडी लायल अस्पताल में दिखाया था। इसके बाद वो अपने गांव गया था।

योगेश ने बताया कि वहां पर उसकी मुलाकात साले शिव शंकर से हुई थी। शिव शंकर ने सारे गिले शिकवे भूलने की बात कही थी। उसने राज से नौकरी दिलवाने की बात कही थी। इस पर राज उसे अपने साथ ले आया था। तीन दिन से शिव शंकर उनके साथ ही घर पर रह रहा था। रात में उसने पहले बाइक बाहर निकाली। इसके बाद राज के सीने में दो गोली मार दी।

उनको लगा था कि शायद अब गुस्सा शांत हो गया
मृतक राज के परिवार के करीबी लोगों ने बताया कि डेढ़ साल तक हैदराबाद में रहने के दौरान दोनों को लगा कि शायद अब परिवार के लोगों का गुस्सा शांत हो गया है। उसके मां बनने की खबर सुनकर खुशी में परिवार के लोग शायद माफ कर दें। साथ ही, रामा को हैदराबाद में अपनी देखभाल नहीं होने की चिंता भी थी। रामा ने अपने घरवालों को आगरा आने की जानकारी नहीं दी थी। वह बच्चे के साथ परिवार से मिलना चाहती थी। मगर उससे पहले ही राज का मर्डर हो गया।

इंस्टाग्राम पर राज और रामा की हैं दर्जनों रील
राज परमार को इंस्टाग्राम पर रील बनाकर पोस्ट करने का शौक था। दोनों की इंस्टाग्राम पर दर्जनों रील हैं। जिन्हें बड़ी संख्या में लोगों ने लाइक किया है। दोनों नियमित रूप से इंस्टाग्राम पर अपनी रील पोस्ट करते थे। इसमें ग्रामीण से लेकर शहरी वेशभूषा में दोनों की रील हैं।