गुरदासपुर हादसे में मरने वालों की संख्या हुई 23, क्या अब जागेगा प्रशासन?

## National

पंजाब के गुरदासपुर जिले के बटाला में स्थित पटाखा फैक्ट्री में हुए धमाके में अब तक 23 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि कई लोग घायल हैं। इसमें से 2 लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है।

पंजाब में इससे पहले ऐसी 5 और घटनाएं हो चुकी है जिसमें 14 लोगों की मौत हुई थी। बावजूद इसके प्रशासन ने कोई एक्शन नहीं लिया। खबरों के मुताबिक चोरी छिपे पंजाब में कई जगहों पर पटाखा फैक्ट्रियां चलाई जा रही हैं।

पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने गुरदासपुर की घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि एसएसपी की अगुआई में राहत एवं बचाव कार्य जारी है। पटाला हादसे में मरने वालों को सरकार की ओर से 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे।

वहीं उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने भी घटना पर दुख जताते हुए ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, हादसे में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं और घायल जल्द स्वस्थ हों। हादसे पर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, पंजाब के बटाला में पटाखा फैक्ट्री में धमाके में कई अनमोल जिंदगियों के हताहत होने का समाचार बहुत दुखदायी है। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को यह असीम दुःख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूं। विनम्र श्रद्धांजलि!