मेरठ और आसपास के जिलों में विरोध में धरना प्रदर्शन, ईपीई पर लगा जाम

Meerut Zone

मेरठ (www.arya-tv.com) लखीमपुर खीरी में रविवार को हुई हिंसा के विरोध में सोमवार की सुबह से ही मेरठ और आसपास के जिलों में राजनीतिक दलों के नेताओं कार्यकर्ताओं और किसानों ने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। वहीं बागपत में चेकिंग के कारण ईपीई पर लंबा जाम को भी लोगों को सामना करना पड़ा। जगह-जगह बड़ी संख्‍या में पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन भी हालातों पर नजर बनाए हुए है। मेरठ में कमिश्‍नरी के बाहर सपा कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए हैं।

मेरठ में कलक्ट्रेट पहुंचे भाकियू कार्यकर्ताओं को रोका

लखीमपुर खीरी घटना के विरोध में मेरठ कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन करने पहुंचे भाकियू कार्यकर्ताओं को पुलिस ने डीएम ऑफिस में घुसने से रोक लिया। भाकियू नेता नेता संजय दौरालिया को सीओ कोतवाली आशीष चौरसिया ने रोकते हुए कहा कि वह कलक्ट्रेट परिसर में ही अपना धरना धरना प्रदर्शन करें। संजय के साथ बाकी कार्यकर्ता भी डीएम आफिस में घुसने की बात पर अड़ गए।

जिसको लेकर भाकियू कार्यकर्ताओं व पुलिस में धक्का मुक्की और कहासुनी हुई। आखिर में पुलिस में डीएम आफिस का गेट बंद करते हुए सभी को बाहर कर दिया। भाकियू कार्यकर्ता डीएम आफिस के बाहर धरना देते हुए बैठ गए हैं। भाकियू कार्यकर्ताओं ने सरकार के विरोध में जमकर नारे लगाए।

रालोद और भाकियू में उबाल

लखीमपुर खीरी में हुई घटना से भारतीय किसान यूनियन के एक गुट ने बुलंदशहर के गुलावठी बाईपास पर किसानों को जुटने का आह्वान किया है। यहां पंचायत कर किसान विरोध प्रदर्शन की रणनीति बनाएंगे। उधर रालोद ने भी समस्त तहसीलों में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को जुटने का आह्वान किया है।

वहीं मुजफ्फरनगर में भी भाकियू कार्यकर्ताओं ने 10:30 बजे से जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव शुरू कर दिया है। कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय पर पहुंचकर केंद्रीय मंत्री अजय मिश्र टेनी को बर्खास्त करने समेत सहित दोषियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए डीएम को ज्ञापन दिया जाएगा। भाकियू ने अग्रिम आदेश तक धरना जारी रखने का ऐलान किया है।

ईपीई पर लगा जाम

लखीमपुर खीरी कांड के बाद बागपत में भी पुलिस प्रशासन बेहद चौकन्ना है। हरियाणा से यूपी में एंट्री करने वाले वाहनों की एक्सप्रेस-वे के यमुना पुल पर पुलिस सघन चेकिंग कर रही है। चेकिंग के बाद ही वाहनों को आगे बढ़ने दिया जा रहा है। इससे ईपीई पर जाम की स्थिति बनी है।

रविवार को लखीमपुर खीरी में हुई घटना के बाद किसानों में आक्रोश बढ़ गया है। आक्रोशित भारतीय किसान यूनियन कार्यकर्ताओं ने रात 10:00 बजे दिल्ली नेशनल हाईवे को बड़ौत के पास जाम कर दिया था। संयुक्त किसान मोर्चा ने सुबह डीएम कार्यालय को घेरने की चेतावनी भी जारी की थी।

सघन चेकिंग अभियान

किसानों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस प्रशासन बेहद चौकन्ना है। हरियाणा से लखीमपुर खीरी जाने वाले किसान नेताओ के वाहनों को रोकने के लिए ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर पुलिस सघन चेकिंग कर रही है। रात भर पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों ने ईपीई पर डेरा डाल रखा।

चेकिंग के कारण ईपीई पर जाम की स्थिति सुबह से ही बनी हुई है। आहिस्ता आहिस्ता वाहनों को आगे निकाला जा रहा है। जाम के कारण वाहन सवारों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। सुबह हरियाणा में केएमपी जाम किए जाने से ईपीई पर पूरी तरह जाम लग गया था लेकिन कुछ देर बाद वाहनों का आवागमन शुरू हो गया था।

बिजनौर में कलक्ट्रेट में धरना

बिजनौर : भारतीय किसान यूनियन के आह्वान पर लखीमपुर खीरी में हुई घटना के विरोध में किसान सोमवार को कलक्ट्रेट में धरने पर बैठ गए। उधर राष्ट्रीय किसान मज़दूर संग़ठन के कार्यकर्ताओ ने सेंट मेरी चौराहे पर जाम लगा दिया। किसान नेता रामोतार सिंह, कुलदीप सिंह के नेतृत्व में गन्ना समिति में एकत्र हुए किसान जुलूस की शक्ल में नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे और धरने पर बैठ गए। आंदोलित किसान लखीमपुर खीरी में हुई घटना में शामिल आरोपितों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे।

सुरक्षा की दृष्टि से कलक्ट्रेट में पुलिस बल तैनात किया गया था। विकास भवन से नुमाइश मैदान की ओर वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई। उधर राष्ट्रीय किसान मजदूर संग़ठन के जिलाध्यक्ष विनोद कुमार के नेतृत्व में सेंट मेरीज चौराहे पर जाम लगा दिया। जाम की वजह से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

भाकियू कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट में डाला डेरा, रालोद ने निकाला जुलूस

मुजफ्फरनगर : लखीमपुर खीरी प्रकरण को लेकर रालोद और भाकियू कार्यकर्ताओं ने आक्रोश जताया है। भाकियू कार्यकर्ताओं ने डीएम कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया। प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वहीं रालोद कार्यकर्ताओं ने गुप्ता रिसोर्ट से कलेक्ट्रेट तक जुलूस निकाला। कार्यकर्ताओं ने लखीमपुरखीरी प्रकरण के दोषियों को सख्त सजा देने की मांग की।