काशी विश्‍वनाथ, अन्नपूर्णा व मां कूष्मांडा मंदिर में प्रियंका ने किया दर्शन-पूजन

UP Varanasi Zone

(www.arya-tv.com)किसान आंदोलन को लेकर कांग्रेस की महासचिव प्रियंका वाड्रा इंडियो एयरलाइंस के विमान से रविवार को वाराणसी पहुंचीं। लाल बहादुर शास्त्री इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सीधे श्रीकाशी विश्‍वनाथ मंदिर के लिए रवाना हो गईं।

यहां से दर्शन-पूजन के बाद दुर्गाकुंड में मां कूष्मांडा मंदिर पहुंचीं। पार्टी की किसान न्याय रैली में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी हैं। एयरपोर्ट पर प्रियंका और भूपेश बघेल का पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। एयरपोर्ट पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, पूर्व सांसद राजेश मिश्रा, राष्ट्रीय सचिव प्रमोद तिवारी, विधायक आराधना मिश्रा, पूर्व विधायक अजय राय, त्रिभुवन नाथ पांडेय सहित कांग्रेस के अन्य नेता पहुंच हैं।

प्रियंका मंदिर पहुंच गईं और दर्शन-पूजन कर रही हैं। गर्भगृह में हो रही पूजा महंत परिवार के बब्लू महंत के आचार्यत्व में मंदिर के पुजारी करा रहे। बिस्मिल्लाह खां के नाती अजदार हुसैन, बन्ने खां, जाहिद हुसैन, आजाद खां ने प्रियंका गांधी का शहनाई धुन से स्वागत किया। प्रियंका गांधी अन्नपूर्णा मन्दिर में भी मत्था टेकने गईं।

इसके बाद दुर्गाकुंड स्थित मां कूष्‍माडां मंदिर में पूजा करने पहुंचीं। यहां से अब लंका, सुंदरपुर होते हुए जगतपुर में आयोजित किसान रैली के लिए निकली। इस बीच दुर्गाकुंड के पास भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रियंका के खिलाफ नारे लगाए तो कांग्रेस के कार्यकार्ताओं ने विरोध जताया। इससे माहौल कुछ देर के लिए गर्म हो गया।

सूबे में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है: राष्ट्रीय सचिव व प्रदेश सह प्रभारी राजेश तिवारी

कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय सचिव व प्रदेश सह प्रभारी राजेश तिवारी के अनुसार सूबे में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, बुनकरों और व्यापारियों की समस्या हो या फिर महिलाओं की प्रियंका वाड्रा मंच से सभी मुद्दों पर बात करेंगी। साथ ही वह इन सभी मुद्दों पर सरकार से सवाल भी करेंगी।

उन्होंने कहा कि लखीमपुर खीरी के आंदोलन के बाद से प्रियंका गांधी वाड्रा के तेवर में बदलाव दिख रहा है। उनका जुझारूपन बता रहा है कि विधानसभा चुनाव में वह हर मुद्दे पर लड़ेंगी। इसका आगाज वह पीएम मोदी के गढ़ से कर रही हैं। इसके साथ ही कांग्रेस का यूपी मिशन 2022 अभियान शुरु हो जाएगा।