प्रियंका गांधी आज आएंगी आगरा, इस समाज के कार्यक्रम में होंगी शामिल

Agra Zone UP

(www.arya-tv.com) कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व उप्र प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा बुधवार को आगरा आ रही हैं। वह सुभाष पार्क स्थित वाल्मीकि वाटिका में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करेंगी। यहां करीब एक घंटा रुकने के बाद वो दिल्ली लौट जाएंगी।

फिरोजाबाद के गिरधारी इंटर कालेज में बुधवार को कांग्रेस के “लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ कार्यक्रम में महिलाओं से संवाद करने के बाद प्रियंका गांधी वाड्रा शाम पांच बजे आगरा पहुंचेंगी। वह यहां वाल्मीकि वाटिका में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करेंगी। शाम 6:05 बजे आगरा से दिल्ली के लिए रवाना होंगी।

कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष उपेंद्र सिंह ने बताया कि पिछले दिनों वाल्मीकि समाज के प्रतिनिधिमंडल ने प्रियंका गांधी वाड्रा को आगरा आने को आमंत्रित किया था। इसे स्वीकार करते हुए वो यहां आ रही हैं। वहीं, शहर अध्यक्ष देवेंद्र कुमार चिल्लू ने कहा कि राष्ट्रीय महासचिव का कार्यक्रम आ गया है। वो वाल्मीकि समाज के लोगों से रूबरू होंगी।

सात अक्टूबर को होनी थी सभा

प्रियंका गांधी वाड्रा की आगरा किला के सामने स्थित रामलीला मैदान में सात अक्टूबर को सभा तय हुई थी। सात अक्टूबर को शारदीय नवरात्र का पहला दिन होने की वजह से सभा स्थगित कर दी गई थी। हालांकि, पुलिस हिरासत में अरुण वाल्मीकि की मौत होने के बाद वो 20 अक्टूबर को आगरा आई थीं। पुल छिंगा मोदी स्थित अरुण के घर पर उन्होंने स्वजन से मुलाकात कर 30 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की थी। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने अरुण की मां और पत्नी को 30 लाख रुपये का चेक दिया था।