प्रियंका गांधी वाड्रा ने भेजे उपहार, फिरोजाबाद की चूड़ी श्रमिक सितारा के लिए खुशियां लाया नया साल

Agra Zone UP

(www.arya-tv.com) बुधवार को घर आईं कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा की सादगी और आत्मीयता से गदगद सितारा के लिए शुक्रवार एक और यादगार दिवस बन गया। उनके लिए प्रियंका ने दिल्ली से उपहार भिजवाए। ये उपहार सितारा के लिए हैप्पी न्यू ईयर बन गए। प्रियंका वाड्रा 29 दिसंबर को सिरसागंज में ‘शक्ति संवाद’ से पहले अचानक नगला तुरकिया में रहने वाली अनुसूचित जाति की चूड़ी श्रमिक सितारा देवी के घर पहुंची थीं। उन्होंने सितारा के घर पानी पीया और खुद बनवाकर चाय पी।

सितारा के साथ चूड़ी भी जोड़ी थी। प्रियंका ने सिरसागंज में संवाद कार्यक्रम के दौरान इस परिवार के हालात की वेदना भी जाहिर की थी। शुक्रवार दोपहर को उप्र कांग्रेस प्रोफेशनल्स के अध्यक्ष अतुल चतुर्वेदी, जिलाध्यक्ष संदीप तिवारी आदि कांग्रेस नेता सितारा देवी के घर पहुंचे। कांग्रेस नेता उपहार लेकर गए थे। ये देखकर सितारा देवी अवाक रह गईं। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि ये उपहार प्रियंका वाड्रा ने दिल्ली से भिजवाए हैं। प्रियंका गांधी द्वारा भेजे गए उपहारों को लेकर सितारा के घर पहुंचे कांग्रेस नेता।

ये हैं उपहार

स्मार्ट फोन, पूरे परिवार के लिए ऊनी कपड़े, बर्तनों का पूरा सेट।

उम्मीद ही नहीं थी

सितारा देवी ने कहा कि प्रियंका दीदी द्वारा भेजे गए उपहारों से बहुत खुशी हुई। इसकी तो उम्मीद ही नहीं थी। उनकी सादगी और आत्मीयता ने हमें कायल कर दिया। मोहल्‍ले के लोग भी प्रियंका की प्रशंसा कर रहे हैं कि वे दिल्‍ली जाकर हम को नहीं भूलीं।