झूठा प्रचार और ढोंग फैलाना ही सरकार का मकसद…प्रियंका गांधी .

National

(www.arya-tv.com)उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार की ओर से महिला सुरक्षा के संदर्भ में शुरू किए गए मिशन शक्ति अभियान को लेकर कांग्रेस ने हमला बोला है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने आरोप लगाया कि यूपी में महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराधों पर सरकार पर्दा डालने का प्रयास कर रही है।

प्रियंका गांधी ने बुधवार को सोशल मीडिया पर लिखा कि जब सरकार का उद्देश्य केवल ढोंग व झूठा प्रचार हो तो मिशन विफल हो ही जाएंगे। उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर पर्दा डालने के लिए भाजपा सरकार का मिशन शक्ति विफल रहा है। कांग्रेस की उत्तर प्रदेश प्रभारी ने एक खबर का हवाला देते हुए दावा किया एक युवती को जलाने वालों के खिलाफ एक महीने बाद मामला दर्ज हो रहा है। प्रदेश मेें अपराध बढ़ते जा रहे हैं।

कुछ हफ्ते पहले उत्तर प्रदेश सरकार ने महिलाओं के खिलाफ अपराध पर अंकुश लगाने के लक्ष्य के साथ ‘मिशन शक्ति अभियान की शुरुआत की थी। इसके आरंभ के समय कहा गया था कि अभियान के पहले चरण में महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण के संबंध में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।