मतदान केंद्र के पास की शराब की दुकानें सील: आज रवाना होंगी 100 वार्डों की पोलिंग पार्टियां

# ## Varanasi Zone

(www.arya-tv.com) नगर निकाय चुनाव के लिए मंगलवार रात प्रचार खत्म होने के साथ ही जिले के सभी मतदान स्थलों और प्राथमिक विद्यालयों को जिला निर्वाचन ने अधिग्रहण कर लिया। मतदान केंद्र और बूथ बनाने के लिए इन केंद्रों पर प्रशासन की टीमें भी सक्रिय हो गई।

मतदान स्थलों पर बिजली, पानी से लेकर सफाई तक सभी तैयारियां पूर्ण कराई गई।रात भर पोलिंग स्टेशनों पर मूलभूत सुविधाओं को पूरा किया गया। आज शाम तक सभी मतदेय स्थलों पर पोलिंग पार्टियां पहुंच जाएंगी।

वाराणसी में गुरुवार को नगर निगम वाराणसी और नगर पंचायत गंगापुर में पहले चरण का मतदान होगा। चुनाव के लिए पोलिंग पार्टियों का रवानगी स्थल के लिए पुलिस लाइंस सुनिश्चित किया गया है। सभी पोलिंग पार्टियां सुबह 10 बजे से पुलिस लाइन से अपने मतदान स्थल के लिए रवाना होंगी। नगर निगम चुनाव के बाद EVM मशीनें उप्र राज्य भंडारा निगम के गोदाम पहड़िया मंडी में रखी जाएंगी। महापौर एवं पार्षद पद का मतगणना पहड़िया मंडी में ही होगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी एस. राजलिंगम ने बताया कि महापौर एवं पार्षद पद के निर्वाचन हेतु वरुणापार, कोतवाली, आदमपुर, दशाश्वमेध व भेलूपुर जोन बनाए गए हैं। इन सभी जोन की पोलिंग पार्टी 3 मई को सुबह से रवाना होगी, सभी वाहन पुलिस लाइन से मतदान केंद्र के लिए प्रस्थान करेंगे। पोलिंग पार्टियों को अपने ड्यूटी वाले निकाय में पहुंचने के लिए तीन मई को सुबह 8 बजे रवानगी स्थल पर पहुंचना होगा। जहां से करीब 10 बजे पार्टियों की रवानगी शुरू कर दी जाएगी।

नगर निगम में पांच जोन, 100 वार्ड, 408 मतदान केंद्र व 1298 बूथ बनाए गए हैं। इसके अलावा अध्यक्ष एवं सदस्य, नगर पंचायत, गंगापुर के निर्वाचन के लिए मतदान पार्टी तहसील राजातालाब से रवाना होगी और इन पदों की मतगणना भी तहसील परिसर राजातालाब में होगी। नगर पंचायत गंगापुर में मतदान केंद्र व बूथों की संख्या दस होगी। नगर पंचायत का चुनाव बैलेट पेपर से होगा। नगर निगम का चुनाव EVM से कराए जाएंगे।

कड़ी सुरक्षा में रहेंगी EVM

डीएम ने महापौर एवं पार्षद पद के निर्वाचन हेतु पुलिस लाइन से रवाना होने वाले पोलिंग पार्टी के रवानगी स्थल पर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। EVM मशीन कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में लाए जाने तथा मौके पर सुरक्षा व्यवस्था में रखी जाएगी। अति संवेदनशील, संवेदनशील सहित सभी मतदान केंद्रों पर वीडियो फोटोग्राफी की जाएगी।

अधिग्रहण वाहन लाए गए पुलिस लाइन

वाराणसी में निकाय चुनाव में लगाए गए सभी मतदान कर्मियों और अन्य अधिकारियों के लिए वाहनों को अधिग्रहीत किया गया है। वाहनों की व्यवस्था करने और टीम को रवाना करने के लिए एएसडीएम को प्रभारी को बनाया गया है। आरटीओ और एआरटीओ की ओर से अधिग्रहीत वाहन को पुलिस लाइन लाया गया है।

नगर निगम में पहली बार 100 वार्डों का चुनाव

वाराणसी नगर निगम का दायरा बढ़ गया है। पहले 90 वार्ड थे, जो अब सौ हो गए। नगर निगम परिक्षेत्र के 100 वार्डों में 22 हजार से ज्यादा मतदाता बढ़े हैं। गंगापुर नगर पंचायत में वार्ड नहीं बढ़ाए गए हैं। वहां मतदाताओं की संख्या 145 कम हो गई है। नए वार्ड और नगर निगम में बढ़े मतदाता प्रत्याशियों के जीत-हार में अहम भूमिका निभाएंगे।

10 बजे से रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां

जिले में 8 हजार से अधिक मतदान कर्मियों की ड्यूटी लग चुकी है। 3 मई को सुबह 10 बजे से पोलिंग पार्टियों की मतदान केंद्रों के लिए रवानगी शुरू होगी। नगर निगम के लिए पोलिंग पार्टियां पुलिस लाइंस में जुटेंगी। वहां से उन्हें बस्ते के साथ बूथों पर मतदान कराने के लिए भेजा जाएगा।

सील की गई EVM मशीनें

नगर निगम के 100 वार्डों व मेयर के लिए ईवीएम मशीनों से वोट डाले जाएंगे। मंडी समिति में ईवीएम के स्ट्रांग रूम बने हैं। जहां रविवार को मशीनों का रैंडमाइजेशन पूर्ण हो गया। सोमवार को ईवीएम मशीनें सील की गई और मंगलवार की शाम तक सभी को पुलिस लाइन पहुंचा दिया गया। प्रत्येक बूथ पर दो ईवीएम होंगी। एक में पार्षद और दूसरी ईवीएम में मेयर के लिए मतदान होगा।

वाराणसी में 16 लाख 11 हजार 536 मतदाता

नगर निगम में 100 वार्ड बनने के बाद मतदाताओं की कुल संख्या भी बढ़ गई है। अब नगर निगम में 16,11,536 मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे। पिछले चुनाव तक इस क्षेत्र में 15,89,527 मतदाता थे। अंतिम सूची में 22,009 मतदाता बढ़े हैं। गंगापुर नगर पंचायत में मतदाताओं की संख्या घटकर 6,728 हो गई है। इससे पहले 6,873 मतदाता थी।

4 मई को वाराणसी में सार्वजनिक अवकाश

नगर निगम के महापौरों एवं पार्षदों तथा नगर पालिका परिषदों तथा नगर पंचायतों के अध्यक्षों एवं सदस्यों के सामान्य निर्वाचन-2023 के चलते सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की गई है। जिलाधिकारी एस. राजलिंगम ने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुसार मतदान दिवस 4 मई को जनपद वाराणसी में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है।

महिलाओं के लिए हर जोन में बनेगा पिंक बूथ

वाराणसी में निकाय चुनाव में महिलाओं के वोटिंग के लिए हर जोन में पिंक बूथ बनाए जाएंगे। इस पिंक बूथ की खास बात यह होगी कि यहां सुरक्षा के लेकर व्यवस्था तक की सभी जिम्मेदारियां महिलाओं के हाथ में होगी। उप जिला निर्वाचन अधिकारी रणविजय सिंह ने बताया कि मतदान के लिए हर जोन में एक पिंक बूथ बनाया जाएगा। महिला स्पेशल इस बूथ में वोटर्स को कई तरह की सुविधाएं मिलेंगी। शुद्ध पेय जल के अलावा बिजली और गर्मी से राहत के लिए पंखे और कूलर भी होंगे। इसके अलावा छांव की व्यवस्था और सेल्फी पॉइंट भी बनाए जाएंगे। पिंक बूथ बनाने के पीछे मकसद ये है कि आधी आबादी घरों से निकले और इन बूथों पर पहुंच ज्यादा से ज्यादा संख्या में अपने मताधिकार का प्रयोग करें. इससे वोटिंग परसेंट बढ़ सके। इसके अलावा गंगापुर नगर पंचायत का तीन बूथ पिंकबूथ बनाया जाएगा।

इन जगहों पर बनेगा पिंक बूथ

उप जिला निर्वाचन अधिकारी रणविजय सिंह ने बताया कि वाराणसी के कोतवाली जोन के मध्यमेश्वर मतदान केंद्र 260 हरिश्चंद्र इंटर कॉलेज, मतदान केंद्र 933 बड़ा गणेश, भेलूपुर जोन के मतदान केंद्र 100 इम्पीरियल पब्लिक स्कूल, शिवाला के मतदान केंद्र 336, आदमपुर जोन के मतदान केंद्र 216 महापालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मछोदरी, वरुणा पार जोन के मतदान केंद्र 5 सनबीम वरुणा पिंक बूथ होंगे। नगर पंचायत गंगापुर पटेल नगर के मतदान केंद्र-1, नगर पंचायत परिसर गंगापुर और मतदान केंद्र 6 कार्यालय नगर पंचायत गंगापुर पिंक बूथ बनाए जाएंगे।