Bareilly: अभद्र पोस्ट पर सलाखों में पहुंचा पुलिस का ‘लाड़ला 420’…पुलिस की वर्दी में जमाता था धोंस

# ## Bareilly Zone

हिन्दू संगठनों की शिकायत और अफसरों की सख्ती के बाद थाना इज्जतनगर क्षेत्र में ऐसा जालसाज बेनकाब हुआ है, जो थाने से चौकी तक वर्दीवालों से यारी रखता था और फर्जी वर्दी पहनकर जनता पर धोंस जमाता था। एक दिन रात के पहले शातिर दिमाम हसन खान ने शादी में डांस कर रहीं दूसरे समुदाय की महिलाओं पर गलत टिप्पणियां की थीं और वीडियो वायरल किया था। हिन्दूवादी गुस्से में और अफसर सकते में आए तो ”लाड़ले 420” से दोस्ती गांठने वाली चौकी पुलिस को ही उसे सलाखों के पीछे पहुंचाना पड़ा।

बताया गया है कि आरोपी हसन खान थाना इज्जतनगर की बैरियर-1 चौकी क्षेत्र में स्थित कंजादास गांव का रहने वाला है। सुबह से लेकर रात तक वह इलाके की चौकी पर जमा दिखता था। दरोगा-सिपाहियों से उसने ऐसी करीबियां बना रखी थीं कि अंजान लोग उसे भी पुलिसवाला समझते थे। चर्चा है कि कई बार तो सिपाहियों के साथ आते-जाते हसन खुद को एसओजी का सदस्य कहता सुना जाता था। हसन और चौकीवालों की सेटिंग का खेल न जाने कब से ऐसे ही चल रहा था मगर एक गलती से भांडा फूट गया।

पुलिस कृपा होने की वजह से हसन इतना बेखौफ था कि रविवार रात उसने बैंडबाजे की धुनों पर डांस कर रही दूसरे समुदाय की महिलाओं पर अभद्र टिप्पणियां कर डालीं। कार चलाते हुए वह वीडियो भी बनाता रहा और ऊलजलूल अपमानजनक बातें भी बोलता रहा। सामने एक दरोगा दिखे तो उनसे यारों जैसा व्यवहार कर वहां से निकल गया। बाद में उसके मोबाइल से बना वीडियो वायरल हुआ तो हिन्दू संगठनों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। जिले में हिन्दू जागरण मंच की यूथ टीम के मुखिया हिमांशु पटेल ने एक्स के जरिए शासन-प्रशासन तक वायरल वीडियो पहुंचाकर कार्रवाई की मांग उठा दी।

हिन्दूवादियों की शिकायत ने तुरंत असर दिखाया। अफसरों ने मामले की गंभीरता भांपते हुए तुरंत कड़क एक्शन के निर्देश जारी कर दिए। इसके बाद तो हसन से दोस्ती गांठने वाली चौकी पुलिस भागती नजर आई। आनन-फानन में पुलिस टीम ने आरोपी हसन को खोजकर थाने पहुंचा दिया। आगे का काम थाने वालों ने किया और उसे कानूनी शिकंजा कस दिया। उसके खिलाफ गरिमा को ठेस पहुंचाने और फर्जी तरीके से वर्दी पहनकर लोकसेवक बताने के मामले में केस दर्ज किया गया है।

सीओ थर्ड पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि फर्जी तरीके से पुलिसवर्दी पहनकर अपने आपको सिपाही बताने वाले आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।