यूपी में हीटवेव का अलर्ट : अगले पांच दिनों तक मौसम विभाग ने जारी की सख्त चेतावनी, लखनऊ में तापमान 41 डिग्री के पार

# ## UP

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी और अगले पांच दिनों में हीटवेव की आशंका को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।विभाग के अनुसार, प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा और 21 अप्रैल के बाद तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है, जिससे कई इलाकों में लू जैसी परिस्थितियां बन सकती हैं।

लखनऊ मौसम केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक ए.के. सिंह ने बताया कि आने वाले सप्ताह में मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा और तापमान में वृद्धि के कारण राज्य के विभिन्न हिस्सों में अलग-अलग स्थानों पर हीटवेव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

इसके साथ ही रात का तापमान भी सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। सोमवार को प्रदेश के कई जिलों में तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया गया।

प्रयागराज लगातार दूसरे दिन सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक है।मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि तेज धूप में लंबे समय तक बाहर रहने से बचें और पर्याप्त मात्रा में पानी पीकर खुद को हाइड्रेट रखें, ताकि लू के प्रभाव से बचा जा सके।