पुलिस के छापेमारी में  रेस्टोरेंट में हुक्का पीते मिले, आरोपियों  को पुलिस ने दबोचा

Bareilly Zone UP

 बरेली।(www.arya-tv.com)  प्रेमनगर के डीडीपुरम स्थित ग्रीन चिली रेस्टोरेंट में गुरुवार को पुलिस ने छापा मारकर कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान यहां पर कई छात्रों के साथ रेस्टोरेंट संचालक हुक्का पी रहा था। पुलिस ने रेस्टोरेंट संचालक चंगेज खान समेत 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

सभी आरोपियों को कोर्ट में आज पेश किया जाएगा। ग्रीन चिली रेस्टोरेंट में पहले भी हुक्का बार चलता हुआ पाया गया है। हालांकि कड़ी कार्रवाई न होने के चलते हुक्का बार चलाने का काम फिर से यहां पर शुरु हो गया है। गुरुवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि डीडीपुरम् के ग्रीन चिली रेस्टोरेंट में कुछ छात्र बर्थ डे पार्टी मना रहे हैं, जिसमें सबको हुक्का परोसा जा रहा है।

जानकारी के बाद पुलिस ने यहां पर छापा मारा तो पुलिस को रेस्टोरेंट में संचालक चंगेज खान समेत 12 छात्र हुक्का पीते हुए मिले। हालांकि इस दौरान  रेस्टोरेंट के कई कर्मचारी भाग निकले। पुलिस को रेस्टोरेंट से दो हुक्का, फ्लेवर, तंबाकू, कोयले की टिकिया मिली। पुलिस ने सभी सामान को जब्त कर लिया। वहीं सभी पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सभी आरोपियों को पुलिस आज कोर्ट में पेश करेगी। पुलिस ने कुछ दिन पहले भी यहां पर छापा मारकर कार्रवाई की थी।