प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बोले- अब 80 करोड़ लोगों को दीपावली और छठ तक मिलेगा मुफ्त अनाज

National

(www.arya-tv.com)  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कोरोना लॉकडाउन के बाद से लगातार देश को संबोधित कर रहे हैं। आज एकबार फिर उनका राष्ट्र के नाम संबोधन हुआ। पीएम मोदी ने राष्ट्र के नाम अपने संबोधन के दौरान देश के 80 करोड़ लोगों को नवंबर महीने तक मुफ्त अनाज देने की घोषणा की।

प्रधानमंत्री कार्यलय ने कल देर रात पीएम मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन की जानकारी दी थी। गृह मंत्री अमित शाह ने भी ट्वीट कर लोगों से संबोधन सुनने की अपील की थी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राष्ट्र के नाम संबोधन की अहम बातें:

>> मैं आप सब से प्रार्थना करता हूं, आपके लिए भी प्रार्थना करता हूं, आपसे आग्रह भी करता हूं, आप सभी स्वस्थ रहिए, दो गज की दूरी का पालन करते रहिए, गमछा, फेस कवर, मास्क ये हमेशा उपयोग कीजिये, कोई लापरवाही मत बरतिए: पीएम मोदी

>> अब पूरे भारत के लिए एक राशन-कार्ड की व्यवस्था भी हो रही है। यानि एक राष्ट्र-एक राशन कार्ड। इसका सबसे बड़ा लाभ उन गरीब साथियों को मिलेगा, जो रोज़गार या दूसरी आवश्यकताओं के लिए अपना गाँव छोड़कर के कहीं और जाते हैं: पीएम मोदी

>> आज गरीब को, ज़रूरतमंद को, सरकार अगर मुफ्त अनाज दे पा रही है तो इसका श्रेय प्रमुख रूप से दो वर्गों को जाता है। पहला- हमारे देश के मेहनती किसान, हमारे अन्नदाता। दूसरा- हमारे देश के ईमानदार टैक्सपेयर: पीएम मोदी

>> सरकार द्वारा इन पांच महीनों के लिए 80 करोड़ से ज्यादा भाई बहनों को 5 किलो गेहूं या 5 किलो चावल मुफ्त दिया जाएगा। साथ ही हर परिवार को हर महीने 1 किलो चना भी मुफ्त दिया जाएगा। इस योजना के विस्तार में 90 हजार करोड़ रुपये से अधिक खर्च होंगे।

>> 80 करोड़ लोगों को अब नवंबर तक मुफ्त अनाज दिया जाएगा। इसका श्रेय देश के मेहनती किसान और ईमानदार करदाताओं को जाता है।