जून में प्रधानमंत्री मोदी का अमेरिका दौरा, मोदी के लिए डिनर होस्ट करेंगे बाइडेन

International

(www.arya-tv.com) नरेंद्र मोदी जून में अमेरिका दौरे पर जा रहे हैं। इस दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन मोदी के लिए 22 जून को ऑफिशियल डिनर होस्ट करेंगे। यह जानकारी बुधवार शाम व्हाइट हाउस ने एक बयान में दी। व्हाइट हाउस ने कहा- मोदी के इस दौरे से भारत और अमेरिका के रिश्ते मजबूत होंगे। दोनों देश स्ट्रैटेजिक पार्टनर हैं और हमें उम्मीद है कि दुनिया के दो महान लोकतंत्र एक नए युग की शुरुआत करेंगे।

बयान में कहा गया है कि मोदी के इस दौरे से हिंद महासागर में सिक्योरिटी के लिहाज से एक नई शुरुआत होगी। इस दौरे पर टेक्नोलॉजी और डिफेंस से जुड़ी बेहद अहम बातचीत हो सकती है।

अमेरिका चाहता है कि एजुकेशन और क्लाइमेट चेंज जैसे अहम ग्लोबल इश्यूज पर भी दोनों देश मिलकर काम करें। इसके अलावा पीपुल टू पीपुल कॉन्टैक्ट्स भी बढ़ाया जाना चाहिए। इसके लिए भी पॉलिसी तैयार की जा रही है।

न्यूयॉर्क में PM मोदी UN मुख्यालय में विश्व योग दिवस कार्यक्रम के शामिल होंगे। इसके बाद शिकागो में भारतीय समुदाय के साथ मोदी एक बड़े कम्युनिटी कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।

इस मीटिंग से पहले PM मोदी और राष्ट्रपति बाइडेन मई में ऑस्ट्रेलिया में होने वाली क्वाड मीटिंग के दौरान भी मिलेंगे। क्वाड देशों की इस बैठक में जापान और ऑस्ट्रेलियाई लीडर्स भी मौजूद रहेंगे। वहीं 9-10 सितंबर में भारत G-20 समिट भी होस्ट करने वाला है, जिसमें बाइडेन भी शामिल होंगे।

PM मोदी इससे पहले 5 बार अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन से मुलाकात कर चुके हैं। उनकी पहली मुलाकात सितंबर 2021 में अमेरिका में हुई थी। तब दोनों नेताओं ने व्हाइट हाउस में करीब 90 मिनट तक बातचीत की थी।

इसके बाद मोदी और बाइडेन अक्टूबर में इटली में G-20 समिट के दौरान मिले थे। दोनों नेताओं की अगली मुलाकात मई 2022 में QUAD समिट के दौरान हुई थी। फिर दोनों जून 2022 में G-7 समिट के दौरान जर्मनी में मिले थे। मोदी-बाइडेन की आखिरी मुलाकात नवंबर 2022 में इंडोनेशिया के बाली में G-20 समिट के दौरान हुई थी।

अमेरिका के राष्ट्रपति बनने के बाद ये बाइडेन का तीसरा स्टेट डिनर होगा। इससे पहले उन्होंने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के लिए दिसंबर 2022 में डिनर आयोजित किया था।

स्टेट डिनर अमेरिका का ऑफिशियल डिनर होता है। ये व्हाइट हाउस में आयोजित किया जाता है। इसमें अमेरिका के राष्ट्रपति और फर्स्ट लेडी किसी दूसरे देश के हेड ऑफ गवर्नमेंट के लिए डिनर होस्ट करते हैं।