पीएम मोदी ने किया एयरो इंडिया शो 2023 का उद्घाटन

# ## National

(www.arya-tv.com) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज सोमवार को बेंगलुरु के येलहंका के एयर फोर्स स्टेशन में एयरो इंडिया शो 2023 का उद्घाटन कर दिया है। पीएम मोदी ने एशिया के सबसे बड़े एयर शो का 14वां एडिशन के साथ एयरो इंडिया 2023 पर स्मारक डाक टिकट भी जारी किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस मौके पर कहा कि देश-विदेश के एग्जिबिटर इसमें अपनी भागीदारी कर रहे हैं। इसने अब तक अपने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। इसमें भारतीय MSME भी हैं, स्वदेशी स्टार्टअप भी है और दुनिया की जानी मानी कंपनी भी है। उन्होंने आगे कहा कि एयरो इंडिया का 2023 का शो भारत की ग्रोथ स्टोरी का उदाहरण है। इस साल के एयरो इंडिया शो में 100 से अधिक देशों की भागीदारी नए भारत में दुनिया के भरोसे को दर्शाती है।

वर्षों में एक लंबी यात्रा तय की गई: राजनाथ सिंह
एयरो इंडिया शो में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि हमारे रक्षा क्षेत्र ने कुछ वर्षों में एक लंबी यात्रा तय की है। इस यात्रा में रक्षा क्षेत्र ने सफलता के कई पड़ाव पार किए हैं, जो आगे चल कर इस क्षेत्र में मजबूती का स्तंभ बने हैं। एयरो इंडिया भी उन्हीं स्तंभों में से एक है। उन्होंने कहा कि वैश्विक आकाश में भारत एक ऐसे सितारे के रूप में उभरा है, जो न केवल चमक रहा है बल्कि दूसरों को भी अपनी चमक से रोशन कर रहा है।

आपको बता दें कि भारतीय वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी ने एयरो इंडिया 2023 के उद्घाटन समारोह में फ्लाईपास्ट के दौरान गुरुकुल गठन का नेतृत्व किया। यह शो लगभग 35,000 वर्ग मीटर के क्षेत्र में आयोजित किया जा रहा है और यह अब तक का सबसे बड़ा आयोजन होगा। इसमें 98 देश शामिल हुए हैं।