- सुरेश खन्ना ने किया शुभारंभ, महापौर सुषमा खर्कवाल की अध्यक्षता में आठों जोन में चला विशेष अभियान
लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नगर निगम लखनऊ ने बुधवार को शहर के सभी आठों जोन के 110 वार्डों में एक साथ वृहद सफाई अभियान शुरू किया। अभियान का शुभारंभ हजरतगंज चौराहे स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा से वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर सुषमा खर्कवाल ने की।
- गांधी प्रतिमा से शुरू हुई स्वच्छता मुहिम
अभियान के शुभारंभ पर महात्मा गांधी की प्रतिमा के आसपास विशेष सफाई कराई गई। इसके बाद प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। अभियान के क्रम में डॉ. भीमराव आंबेडकर, सरदार वल्लभभाई पटेल और वीरांगना अवंतीबाई लोधी की प्रतिमाओं के आसपास भी विशेष सफाई कराई गई। कार्यक्रम में नगर आयुक्त गौरव कुमार, पार्षदों सहित नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
- 110 वार्डों में सुबह छह बजे से सफाई अभियान
नगर निगम के सभी आठों जोन के 110 वार्डों में अभियान की शुरुआत सुबह छह बजे से की गई। प्रत्येक वार्ड में एक अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। अधिकारियों के नेतृत्व में सफाई, कूड़ा उठान और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता सहित विभिन्न कार्य कराए जा रहे हैं। जोनल अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान की निगरानी कर रहे हैं।
- स्वच्छता में जनभागीदारी पर जोर
सुरेश खन्ना ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर सेवा और स्वच्छता को समर्पित यह अभियान नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। स्वच्छता केवल सरकार या नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लखनऊवासियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी करने और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।
महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर आयोजित यह अभियान स्वच्छ भारत के संकल्प को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने का प्रयास है। आठों जोन के 110 वार्डों में एक साथ अभियान चलाकर स्वच्छता के प्रति नागरिकों की भागीदारी को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने शहरवासियों से सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी न फैलाने और स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ लखनऊ के निर्माण में सहयोग करने की अपील की।
- अपर नगर आयुक्तों के निर्देशन में निगरानी
अभियान का संचालन अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव, अभिनव रंजन श्रीवास्तव, अरुण कुमार गुप्त और डॉ. अरविंद कुमार राव के निर्देशन में किया जा रहा है। उनके निर्देशन में जोनल अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान की निगरानी कर रहे हैं, जबकि वार्ड स्तर पर नामित अधिकारी सफाई कार्यों को व्यवस्थित रूप से संचालित करा रहे हैं।
कार्यक्रम में भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र सिंह, भाजपा कार्यालय लखनऊ के मुख्यालय सह प्रभारी चौधरी लक्ष्मण सिंह, पार्षदगण तथा नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
