IPL से जुड़े विदेशी खिलाड़ी घर पहुंच रहे:8 इंग्लिश प्लेयर लंदन पहुंचे, 3 अगले 48 घंटे में उड़ान भरेंगे

Game

(www.arya-tv.com)कोरोना के कारण IPL 2021 सीजन को बीच में ही सस्पेंड कर दिया गया है। इसके चलते अब विदेशी खिलाड़ी अपने घर लौटने की तैयारी में जुट गए हैं। इंग्लैंड के 11 में से 8 खिलाड़ी तो बुधवार को चार्टर्ड फ्लाइट से लंदन ही पहुंच गए हैं। 3 खिलाड़ी अगले 48 घंटे में उड़ान भरेंगे।

वहीं, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के खिलाड़ी भी अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। उन्हें मालदीव के रास्ते चार्टर्ड फ्लाइट से भेजा जाएगा। दरअसल, दोनों देशों ने भारत से अभी सभी उड़ानों को बंद कर रखा है।

मोर्गन, मलान और जॉर्डन बाद में इंग्लैंड पहुंचेंगे
इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड के प्रवक्ता ने न्यूज एजेंसी से कहा कि 11 में से 8 इंग्लिश खिलाड़ी मंगलवार रात को ही उड़ान भर चुके थे। वे सभी बुधवार सुबह लंदन पहुंच गए। यह प्लेयर जोस बटलर, जॉनी बेयरस्टो, सैम करन, टॉम करन, सैम बिलिंग्स, क्रिस वोक्स, मोइन अली और जेसन रॉय हैं। उन्हें अब सरकार द्वारा तय की गई होटल में 10 दिन क्वारैंटाइन रहना होगा। साथ ही उन्हें दूसरे और 8वें दिन कोरोना टेस्ट भी करवाना होगा। इंग्लैंड के कप्तान ओएन मोर्गन, डेविड मलान और क्रिस जॉर्डन अगले 48 घंटे में उड़ान भरेंगे।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ियों समेत 14 लोग भारत में
ऑस्ट्रेलिया के 14 प्लेयर्स, कोचिंग स्टाफ और कमेंटेटर्स कुछ दिन बाद चार्टर्ड फ्लाइट से मालदीव के लिए उड़ान भरेंगे। वहां पहुंचने के बाद वे कुछ दिन क्वारैंटाइन रहेंगे। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया के लिए उड़ान भरेंगे। ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने भारत में लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के चलते 15 मई तक यात्रा पर प्रतिबंध लगा रखा है। सभी ऑस्ट्रेलियाई प्लेयर्स अभी दिल्ली के होटल में क्वारैंटाइन हैं।

न्यूजीलैंड के कुछ क्रिकेटर सीधे इंग्लैंड रवाना होंगे
न्यूजीलैंड के कुछ खिलाड़ी भारत से सीधे इंग्लैंड ही रवाना होंगे, क्योंकि साउथैम्पटन में 18 जून से इंडिया और न्यूजीलैंड के बीच टेस्ट चैम्पियनशिप का फाइनल खेला जाना है। इन खिलाड़ियों में कप्तान केन विलियम्सन, ट्रेंट बोल्ट और काइल जेमिसन शामिल हैं। फिलहाल, इंग्लैंड ने 11 मई तक भारत से यात्रा पर प्रतिबंध लगा रखा है। ऐसे में इन खिलाड़ियों को थोड़ा और इंतजार करना होगा।

वहीं, कोचिंग स्टाफ समेत कमेंटेटर्स न्यूजीलैंड लौट सकते हैं। इनमें स्टीफन फ्लेमिंग, ब्रेंडन मैक्कुलम, काइल मिल्स, शेन बॉन्ड और माइक हेसन शामिल हैं। यह बात न्यूजीलैंड प्लेयर्स एसोसिएशन के हेड हीथ मिल्स ने बताई।

100 से ज्यादा विदेशी खिलाड़ी और स्टाफ भारत में
चेन्नई सुपर किंग्स, दिल्ली कैपिटल्स, कोलकाता नाइट राइडर्स, मुंबई इंडियंस, पंजाब किंग्स, सनराइजर्स हैदराबाद में सबसे ज्यादा 8-8 विदेशी खिलाड़ी हैं। वहीं, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु में 7 और राजस्थान रॉयल्स में 6 विदेशी खिलाड़ी हैं। IPL में साउथ अफ्रीका के 11, न्यूजीलैंड के 10, वेस्टइंडीज के 9, अफगानिस्तान के 3 और बांग्लादेश के 2 खिलाड़ी भी शामिल थे।

इसके साथ ही बांग्लादेश और वेस्टइंडीज के खिलाड़ी भी इस लीग से जुड़े हुए हैं। इतना ही नहीं इन सभी देशों के 40 से ज्यादा स्टाफ और कमेंटेटर भी भारत में हैं।

भारतीय खिलाड़ियों को बस से भेजा जा सकता है
भारतीय खिलाड़ियों को अहमदाबाद और दिल्ली से ही उनके शहर भेजने का इंतजाम BCCI और फ्रेंचाइजी की ओर किया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली में मौजूद हरियाणा, पंजाब और दिल्ली-एनसीआर के खिलाड़ियों को सुरक्षित पहुंचाने के लिए टीम बसों का इस्तेमाल किए जाने की योजना है। इसके अलावा यह भी योजना है कि एक राज्य के खिलाड़ियों को एकत्रित कर उन्हें सुरक्षित घर पहुंचाने की व्यवस्था की जाए।

अब UAE होकर भी अपने देश नहीं जा सकते खिलाड़ी
हालांकि, UAE ने कुछ दिन पहले तक अपने द्वार खोल रखे थे। पर उन्होंने भी भारत में कोरोना के बढ़ते मामलों के बाद 14 मई तक भारत से आनी वाली फ्लाइट्स पर रोक लगा दी। IPL बीच में छोड़कर जाने वाले ऑस्ट्रेलिया के एंड्र्यू टाई और इंग्लैंड के लियाम लिविंगस्टोन इसी देश होकर अपने-अपने देश लौटे थे।

बांग्लादेश ने भी 1 मई के बाद से भारत और साउथ अफ्रीका से हवाई सेवा पर रोक लगा रखी है। पर उनका लैंड बॉर्डर खुला है। इस मार्ग से आने वाले लोगों को 14 दिन के सख्त क्वारैंटाइन में भेजा जाएगा।