नोएडा में खाना बनाते समय सिलेंडर में आग लगने से चार लोग झुलसे

# ## National

(www.arya-tv.com) दिल्ली से सटे नोएडा में रविवार को खाना बनाते समय रसोई गैस के छोटे सिलेंडर में आग लगने से चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को उपचार के लिए नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां से उन्हें राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के अस्पताल में रेफर कर दिया गया।

पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस आयुक्त आलोक सिंह के प्रवक्ता ने बताया कि थाना फेज- वन क्षेत्र के सेक्टर 10 में रहने वाले बागी, नागेंद्र कुमार, बंटी कुमार, मनोज कुमार सेक्टर 121 स्थित एक सोसाइटी में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम करते हैं। ये सभी मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं।

उन्होंने बताया कि रविवार की रात को खाना बनाते समय छोटे गैस सिलेंडर में आग लग गई, जिसकी वजह से चारों गंभीर रूप से झुलस गए। उन्होंने बताया कि उपचार के लिए चारों को नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि घायलों में से दो की हालत नाजुक बनी हुई है।