आगरा के कुछ हिस्सों में बूंद बूंद को तरस रहे लोग,नही हो सकी जलपूर्ति

Agra Zone

आगरा (www.arya-tv.com) शुक्रवार सुबह शहर के एक चौथाई क्षेत्र में जलापूर्ति नहीं हुई। पानी की एक-एक बूंद के लिए लोग परेशान रहे। शाम तक जलापूर्ति के शुरू होने के आसार हैं। वहीं जल संस्थान की टीम के कुछ इलाकों में टैंकरों से पानी की आपूर्ति कराने पर लोगों की भीड़ लग गई।

शुक्रवार सुबह जीवनी मंडी वाटरवर्क्स से 110 एमएलडी और सिकंदरा के दोनों प्लांट से 220 एमएलडी पानी की आपूर्ति हुई। ताल फिरोज खान स्थित जलाशय की सफाई सुबह से शुरू हो गई है। जल संस्थान के आधा दर्जन कर्मचारी सफाई कर रहे हैं। यह कार्य शाम तक चलेगा। वहीं जीवनी मंडी रोड से 24 इंच की पानी की पाइपलाइन गुजरी है। इस पाइप लाइन का प्लेटफार्म धंंसने के कारण लीकेज हो गया है। जल निगम की टीम द्वारा प्लेटफार्म की मरम्मत की जा रही है। जल संस्थान के महाप्रबंधक आर एस यादव ने बताया कि शुक्रवार सुबह ताल फिरोज खान, गोबर चौकी और उसके आसपास के कई क्षेत्रों में जलापूर्ति नहीं हो सकी है।

पानी का प्रेशर रहा कमजोर

शुक्रवार सुबह शहर के कई क्षेत्रों में पानी का प्रेशर कमजोर रहा। इसमें प्रमुख रूप से शाहगंज रोड, सिकंदरा बोदला रोड की कालोनियां शामिल हैं।

नौ स्थलों पर हुए लीकेज

शुक्रवार सुबह शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नौ स्थानों पर लीकेज हुए। इसमें प्रमुख रूप से आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर 10, 14, मंटोला रोड और कमला नगर बी ब्लॉक शामिल है।