राम मंदिर की पड़ने लगी छत, 80% काम पूरा:अरुण गोविल ने किए दर्शन

# ## UP

(www.arya-tv.com) अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का काम तेजी से चल रहा है। ग्राउंड फ्लोर का 80% काम पूरा होने के बाद अब उसकी छत बनाई जा रही है। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने अक्षय तृतीया के मौके पर ट्विटर पर रामलला के दिव्य मंदिर की नई तस्वीरें जारी की हैं। जिनसे मंदिर के स्वरूप का अंदाजा लगाया जा सकता है। तस्वीरों के साथ लिखा गया है, ”कोटि-कोटि रामभक्तों द्वारा शताब्दियों तक किए गए अनवरत संघर्ष की परिणति के रूप में भगवान श्री रामलला का दिव्य मंदिर अब आकार लेता दिख रहा है। जय श्री राम!”

वहीं, टीवी सीरियल ‘रामायण’ में भगवान श्रीराम की भूमिका निभाने वाले अरुण गोविल ने शनिवार को रामलला का दर्शन-पूजन किया। उसके बाद उन्होंने यहां हो रहे मंदिर निर्माण की जानकारी ली।

3 शिफ्ट में काम कर रहे हैं कर्मचारी
राम मंदिर का निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। निर्माण में बड़ी संख्या में कारीगर लगे हुए हैं। यहां कर्मचारी 3 शिफ्ट में काम कर रहे हैं। लखनऊ-अयोध्या हाईवे को जोड़ने के लिए श्रीराम पथ का निर्माण हो रहा है। मंदिर का 70% निर्माण पूरा कर लिया गया है। राम मंदिर की जो ताजा तस्वीरें सामने आई हैं, उसमें तेजी से काम होता हुआ नजर आ रहा है। राम मंदिर को उसका स्वरूप देने का काम किया जा रहा है।

2047 तक 10 करोड़ श्रद्धालु सालाना अयोध्या पहुंचेंगे
रामलला के दर्शन के लिए लाखों-करोड़ों भक्त नंगे पैर मंदिर तक जाया करेंगे। राम भक्तों को कोई परेशानी न हो, इसलिए सरकार खास सड़कें भी बनवा रही है। यहां ऐसी सड़कें बनवाई जा रही हैं कि चाहे कितनी भी गर्मी हो, लेकिन उस पर चलने वालों के पैर नहीं जलेंगे। इस तरह की सड़कें राज्य में पहली बार बनवाई जा रही हैं। सड़क में ऐसे केमिकल का इस्तेमाल होगा, जिससे सड़क ठंडी रहेगी। अनुमान लगाया जा रहा है कि अयोध्या में जब राम मंदिर बन जाएगा, तो रोजाना एक लाख श्रद्धालु राम मंदिर में दर्शन करेंगे। साल 2047 तक 10 करोड़ श्रद्धालु सालाना अयोध्या पहुचेंगे।