होमी अदजानिया के निर्देशन में बनी ‘कॉकटेल 2’ ने रिलीज के साथ ही सबका ध्यान अपनी तरफ खींचना शुरू कर दिया है। यह नई लव स्टोरी 2012 की ‘कॉकटेल’ की सीक्वल है, जिसमें सैफ अली खान, दीपिका पादुकोण और डायना पेंटी लीड रोल में थे। हालांकि, ये सीधा सीक्वल नहीं है, बल्कि स्पिरिचुअल सीक्वल है, जिसकी कहानी और किरदार नए हैं। 19 जून को ये फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हुई और पहले ही दिन जबरदस्त कमाई से सबको चौंका दिया। यह फिल्म सामंथा रूथ प्रभु की तेलुगु फिल्म ‘मा इंटि बंगरम’ और हॉलीवुड की एनिमेटेड सीक्वल ‘टॉय स्टोरी 5’ के साथ रिलीज हुई है। शाहिद कपूर, रश्मिका मंदाना और कृति सेनन स्टारर इस फिल्म ने रिलीज़ के पहले ही दिन, 13.50 करोड़ रुपये कमाए और वर्ल्डवाइड 20 करोड़ का आंकड़ा छू लिया। चलिए अब जानते हैं इस फिल्म ने दूसरे दिन कितना कलेक्शन किया।
कॉकटेल 2 ने दो दिन में कितनी कमाई की?
इंडस्ट्री ट्रैकर Sacnilk ने ‘कॉकटेल 2’ ने दूसरे दिन की कमाई के आंकड़े जारी कर दिए हैं, जिसके अनुसार फिल्म ने दूसरे दिन यानी शनिवार को 16.25 करोड़ का नेट कलेक्शन किया। यह पहले दिन की कमाई से 20.4 प्रतिशत ज्यादा है। इसी के साथ भारत में फिल्म का कुल ग्रॉस कलेक्शन 35.70 करोड़ और नेट कलेक्शन 29.75 करोड़ हो गया है। दूसरे दिन इसकी स्क्रीन्स की संख्या में करीब 600 की कमी आई, जिसके चलते स्क्रीन की संख्या 10,835 से घटकर 10,245 रह गईं, मगर इसके बावजूद ऑक्यूपेंसी 21 प्रतिशत से बढ़कर 25 प्रतिशत हो गई।
कॉकटेल 2 का वर्ल्डवाइड कलेक्शन
कुणाल (शाहिद कपूर), एली (कृति सेनन) और दीया (रश्मिका मंदाना) के बीच की रोमांटिक कहानी सिर्फ भारत ही नहीं बल्कि विदेशों में भी दर्शकों का ध्यान अपनी तरफ खींचने में सफल होती दिख रही है। विदेशों में दूसरे दिन इस फिल्म ने 8 करोड़ का कलेक्शन किया, जिससे विदेश में इसका कुल ग्रॉस कलेक्शन 15.25 करोड़ हो गया है और वर्ल्डवाइड कलेक्शन 50.95 करोड़ पहुंच गया है।
‘कॉकटेल 2’ की कहानी क्या है?
फिल्म की कहानी की बात की जाए तो ये इटली के सिसिली में आगे बढ़ती है, जहां बचपन के लवर कुणाल और दीया छुट्टियां मनाने जाते हैं। इसी सफर के दौरान उनकी मुलाकात अलीशा उर्फ एली से होती है, जो दीया की कॉलेज फ्रेंड है। कुणाल और दीया 16 साल एक-दूसरे को डेट करने के बाद शादी की तैयारी कर रहे हैं, ऐसे में क्या एली का आना उनके प्लान में कोई रुकावट डालेगा? ये जानने के लिए आप ये फिल्म देखने सिनेमाघर जा सकते हैं। लव रंजन और तरुण जैन द्वारा लिखी गई ‘कॉकटेल 2’ में रश्मिका, शाहिद और कृति के अलावा टीकू तलसानिया, मार्क बेनिंगटन, सुपर्णा मारवाह, कन्नन अरुणाचलम और नीलू कोहली भी अहम भूमिका में हैं। फिल्म के लिए संगीत प्रीतम ने दिया है और गाने के बोल अमिताभ भट्टाचार्य ने लिखे हैं।
