गैंगस्टर टिल्लू ताजपुरिया के मर्डर का नया CCTV फुटेज आया सामने, वीडियो में पुलिस पीछे हट गई

National

(www.arya-tv.com) दिल्ली की तिहाड़ जेल में 2 मई को गैंगस्टर टिल्लू ताजपुरिया के मर्डर का नया CCTV फुटेज सामने आया है। इसमें देखा जा सकता है कि 9 पुलिसवालों के सामने ही कैदी ताजपुरिया पर नुकीले हथियार से हमला कर रहे हैं। शुरुआत में तो कुछ पुलिसकर्मियों ने कैदियों को रोका, लेकिन कुछ देर बाद पीछे हट गए।

तिहाड़ के अफसरों ने बताया कि हत्या जितेंद्र गोगी गैंग के योगेश टुंडा, दीपक, राजेश और रियाज खान ने की। टिल्लू हाई सिक्योरिटी वार्ड में बंद था, जहां उस पर नुकीले हथियार से 100 से ज्यादा बार हमला किया गया।

टिल्लू रोहिणी कोर्ट में 24 सितंबर 2021 को हुए शूटआउट मामले में आरोपी था। उसके गैंग के 2 लोगों ने जितेंद्र गोगी की कोर्ट में हत्या कर दी थी। वे वकील की पोशाक में कोर्ट आए थे। दोनों शूटर्स को पुलिस ने कोर्ट में ही मार गिराया था।

49 सेकेंड के वीडियो में देखा जा सकता है कि खून से लथपथ टिल्लू को पुलिसवाले घसीटकर बैरक से बाहर लाते हैं। दूसरी सेल के अंदर से दीपक तीतर कुछ कहता हुआ दिख रहा है। जैसे ही टिल्लू को पुलिसवाले बाहर लाते हैं, वैसे ही लाल रंग की पैंट पहने दीपक तीतर बाहर निकलकर टिल्लू को लात से मारने लगता है। इस दौरान एक पुलिसवाला उसे बचाने की कोशिश करता है, लेकिन तीतर खून से लथपथ पड़े टिल्लू को नुकीला हथियार मारने लगता है।

ताजपुरिया की हत्या से जुड़ा 2 मिनट 50 सेकेंड का एक वीडियो गुरुवार को सामने आया था। ताजपुरिया अपनी बैरक के अंदर जाता है। तभी पहले से घात लगाए बैठे हमलावर उसके कमरे की ओर दौड़ते हैं। इन सबसे अनजान टिल्लू कुछ समझ पाता, इससे पहले ही उस पर नुकीले हथियार से हमले शुरू हो जाते हैं। वह दौड़कर एक हॉल में आता है, जहां उस पर 100 से ज्यादा बार हमला किया जाता है।

जेल अधिकारी ने बताया कि योगेश टुंडा तिहाड़ में जेल नंबर 8 में बंद था। ये जेल फर्स्ट फ्लोर पर है। टिल्लू ताजपुरिया ग्राउंड फ्लोर पर जेल नंबर 9 में बंद था। गोगी गैंग के योगेश टुंडा और दूसरे मेंबर्स 2 मई की सुबह 6:15 बजे अपने वार्ड की सिक्योरिटी ग्रिल काटकर बाहर आए। इसके बाद बेडशीट का इस्तेमाल करते हुए ग्राउंड फ्लोर पर कूद गए। यहां पर टिल्लू को हाई-सिक्योरिटी वार्ड में रखा गया था।

गोगी गैंग के सदस्य टिल्लू के वार्ड में लगी ग्रिल को काटकर अंदर घुसे। गोगी गैंग के गुर्गों ने नुकीले हथियार से टिल्लू पर कई बार हमला किया। वह घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना में घायल एक अन्य रोहित का इलाज चल रहा है। फिलहाल वह खतरे से बाहर है।

गैंगस्टर टिल्लू ताजपुरिया दिल्ली विश्वविद्यालय का छात्र था और श्रद्धानंद कॉलेज से पास आउट था। कॉलेज के दिनों में उसकी और जितेंद्र गोगी की दोस्ती मशहूर थी। दोनों दिल्ली विश्वविद्यालय के चुनाव में सीधे कभी नहीं उतरे, पर दोनों अपने उम्मीदवार खड़े करते थे।

टिल्लू ताजपुरिया 24 सितंबर 2021 को दिल्ली के रोहिणी कोर्ट में हुए शूटआउट का मास्टरमाइंड था। कोर्ट में गैंगस्टर जितेंद्र गोगी की हत्या के लिए टिल्लू ने ही दोनों शूटरों को ट्रेनिंग दिलाई थी। वकीलों जैसा दिखने, उनके जैसा प्रोफेशनल व्यवहार करने की ट्रेनिंग भी दी गई थी। कोर्ट में हुए शूटऑउट के दौरान ही पुलिस की फायरिंग में दोनों शूटर भी मारे गए थे। इस मामले में पुलिस की तरफ से 111 पेज की चार्जशीट पेश की गई थी।