गरीब जनता का कल्याण करेगी राष्ट्रीय तीसरा विकल्प पार्टी: सुरेन्द्र शर्मा

Lucknow
  • गरीब जनता का कल्याण करेगी राष्ट्रीय तीसरा विकल्प पार्टी: सुरेन्द्र शर्मा

(www.arya-tv.com)भारतीय मजदूर किसान संगठन (राष्ट्रवादी) द्वारा राजनीतिक रूप से अपने आप को मजबूत करने के लिए राष्ट्रीय तीसरा विकल्प पार्टी का गठन किया गया है। पार्टी द्वारा लखनऊ में प्रेस वार्ता के दौरान संगठन के संस्थापक सुरेन्द्र शर्मा ने पत्रकारों को बताया कि पंचायत चुनाव में संगठन द्वारा बहुत से पदाधिकारियों को मैदान में उतारा गया था। जिसमें से पूरे उत्तर प्रदेश में 24 से ज्यादा लोग विभिन्न पदों पर विजयी हुए हैं। ये संगठन की बहुत बड़ी जीत है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार आम जनता के बीच में सही से कार्य नहीं नहीं कर रही है। इसी को देखते हुए संगठन द्वारा गरीबों को मजबूत करने और उनको समाज में नयी दिशा देने के लिए राष्ट्रीय तीसरा विकल्प पार्टी का गठन किया गया है। वहीं संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता अभिन्नदन पाठक ने पत्रकारों को बताया कि आज भी प्रदेश का रास्ता गांव से होकर जाता है। हमारा संगठन गांव स्तर पर बहुत ही मजबूती से आगे की ओर बढ़ रहा है। जिसका परिणाम यह रहा कि पंचायत चुनावों में हमारे बहुत से समर्थित प्रत्याशी जीत कर आगे आये हैं। वही संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और वरिष्ठ अधिवक्ता हिमांशु त्रिपाठी ने पत्रकारों को बताया कि हमारे संगठन की ओर से बनायी गयी पार्टी पूरे प्रदेश में विभिन्न विधानसभा सीटों पर चुनावों में प्रत्याशियों का चयन करके मैदान में उतारेगी और पार्टी गरीबों और बेसहारा लोगों की सहायता के लिए संकल्पबद्ध रहेगी। इस पार्टी की राष्ट्रीय और प्रदेश के पदाधिकारियों द्वारा जल्द ही अपने प्रत्याशियों का चयन करके सूचित किया जायेगा। प्रेस वार्ता में संगठन के उत्तर प्रदेश के प्रभारी अरविन्द सिंह और उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष मुन्नालाल मिश्रा ने भी पत्रकारों को संगठन और पार्टी के बारे में पत्रकारों को अवगत कराया और चुने गये पंचायत सदस्यों का परिचय कराया।