आगरा में बिटिया की हत्या: मां बोली, एक बार मेरी लाडली का चेहरा तो दिखा

Agra Zone UP

आगरा(www.arya-tv.com) आगरा के गांव गैलाना में किशोरी की हत्या ने ग्रामीणों को दहला दिया है। हर किसी के जहन में यही सवाल है कि किसने मासूम को बेरहमी से मारा है? शुक्रवार को बिटिया का शव घर लाया गया तो मां रो-रोकर बेसुध हो गई। होश आया तो फिर बिलख पड़ीं…लाडली है मेरी बिटिया, मैं उसे दूर नहीं जाने दूंगी, एक बार उसका चेहरा तो दिखा दो। अन्य महिलाओं ने अपने आंसू रोककर उन्हें संभाला।

थाना सिकंदरा के गांव गैलाना निवासी 14 वर्षीय किशोरी की शुक्रवार को हत्या कर दी गई। उसका शव गांव के जंगल में स्थित तालाब में अर्द्धनग्न हालत में पड़ा मिला। उसके गले में दुपट्टा कसा हुआ था। ग्रामीणों ने दुष्कर्म के बाद गला दबाकर हत्या की आशंका जाहिर की। मृतक किशोरी की दो बहन और दो छोटे भाई और हैं। वह दूसरे नंबर की थी। कक्षा चार तक पढ़ी थी। लॉकडाउन में पढ़ाई बंद कर दी थी।

परिजनों ने बताया कि बिटिया सबकी लाडली थी। बेटी के नहीं मिलने पर सबसे पहले मां ही जंगल की तरफ आई। काफी तलाशने पर जब वह नहीं मिली तो घर लौट गईं। उन्हें उम्मीद नहीं थी कि बेटी अब फिर कभी उन्हें मां कहकर नहीं पुकारेगी। जब उन्हें बेटी की मौत की जानकारी हुई तो घटनास्थल पर दौड़ी चली गईं। पुलिस ने शव ले जाने के लिए टेंपो मंगवाया था। जानकारी पर मां आ गई। टेंपो के आगे बैठ गईं।

मृतका की मां रोते हुए एक ही बात कह रही थीं कि एक बार बेटी का चेहरा दिखा दो। वही तो उनकी लाडली थी। उसे अपनी गोद में ले लूंगी। कहीं नहीं जाने दूंगी। महिला पुलिसकर्मियों ने किसी तरह मां को संभाला। टेंपा चला तो वह पीछे दौड़ने लगीं। महिला पुलिसकर्मियों ने उनको फिर पकड़ा। मृतका के भाई और बहन भी बदहवास हालत में रो रहे थे। पिता का भी हाल बुरा हो रहा था।