- डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण को लेकर नगर निगम का जागरूकता अभियान, सड़क पर कूड़ा फेंकने वालों पर होगी कार्रवाई — डॉ.आशीष सिंह
लखनऊ। शहर को स्वच्छ और कूड़ा मुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर निगम ने जोन-8 क्षेत्र में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए विशेष जागरूकता एवं जनसंपर्क अभियान चलाया। जोन 8 के सहायक नगर आयुक्त/जोनल अधिकारी डॉ.आशीष सिंह ने बताया कि जी-20 रोड से कैंट की ओर जाने वाले प्रमुख मार्ग और इब्राहीमपुर प्रथम वार्ड में दुकानदारों एवं स्थानीय नागरिकों से संपर्क कर उन्हें सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फेंकने के लिए जागरूक किया गया।
नगर निगम एवं कार्यदायी संस्था लायन एनवायरो की टीम ने घरों और दुकानों पर पहुंचकर लोगों से अपील की कि कूड़ा सड़क अथवा खुले स्थान पर डालने के बजाय निर्धारित डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण वाहनों को ही दें। जोनल अधिकारी आशीष सिंह ने बताया कि जी-20 रोड से कैंट मार्ग पर कुछ नागरिकों और दुकानदारों द्वारा कूड़ा संग्रहण वाहनों में कूड़ा देने के बजाय खुले में कूड़ा फेंके जाने से गंदगी फैल रही थी। इसके समाधान के लिए संबंधित मार्ग पर नियमित डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण वाहन की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
इब्राहीमपुर प्रथम वार्ड में भी टीम ने दुकानदारों और नागरिकों को नगर निगम की गाड़ियों में ही कूड़ा देने तथा सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाने के लिए जागरूक किया। नगर निगम ने स्पष्ट किया कि सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अभियान में जोनल अधिकारी डॉ. आशीष सिंह, जोनल सेनेटरी ऑफिसर जितेंद्र गांधी सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, आईईसी टीम, डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण टीम और लायन एनवायरो के कर्मचारी मौजूद रहे।
