- नगर आयुक्त गौरव कुमार ने दाऊदनगर में बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का किया निरीक्षण, राहत-बचाव व्यवस्थाओं का लिया जायजा
- जल निकासी, प्रकाश, नाव, फॉगिंग और प्रभावित परिवारों के लिए सुरक्षित स्थान की व्यवस्थाओं को लेकर दिए निर्देश
लखनऊ। जोन-3 के फैजुल्लागंज क्षेत्र में गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से उत्पन्न जलभराव की स्थिति को देखते हुए नगर निगम की ओर से लगातार राहत एवं बचाव कार्य कराए जा रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को नगर आयुक्त गौरव कुमार ने दाऊदनगर, फैजुल्लागंज स्थित बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया और मौके पर की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था, नाव की उपलब्धता, फॉगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव तथा प्रभावित परिवारों के लिए सुरक्षित स्थान की व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाएं प्रभावी ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
- पंपसेट से लगातार हो रही जल निकासी, ड्रोन से एंटी लार्वा का छिड़काव
अभियंत्रण विभाग की ओर से जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में विभिन्न स्थानों पर पंपसेट लगाकर लगातार पानी की निकासी की जा रही है। ओवरब्रिज के निकट भी पंप लगाकर जलभराव के पानी को बाहर निकाला जा रहा है, जिससे प्रभावित क्षेत्रों में जलस्तर कम किया जा सके। जलभराव के कारण मच्छरजनित बीमारियों की आशंका को देखते हुए नगर निगम की ओर से ड्रोन के माध्यम से एंटी लार्वा का छिड़काव कराया जा रहा है। इसके साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में लगातार फॉगिंग और कीटनाशक दवाओं का छिड़काव भी कराया जा रहा है, ताकि मच्छरों के प्रकोप को नियंत्रित किया जा सके और नागरिकों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से बचाया जा सके।
- प्रकाश और नाव की व्यवस्था, प्रभावित परिवारों के लिए सुरक्षित स्थान तैयार
जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में नगर निगम की ओर से प्रकाश व्यवस्था की गई है तथा स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है। प्रभावित क्षेत्रों में नागरिकों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए नाव की व्यवस्था भी की गई है। वहीं, आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराने के लिए इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहा, पलटन छावनी, उमराव हाता और दाऊदनगर स्थित ट्रांजिट छात्रावास में रैन बसेरों की व्यवस्था की जा रही है। इसके अतिरिक्त हाल ही में बनाए गए पक्के नाले के निकट भी अस्थायी रैन बसेरा तैयार करने की कवायद की जा रही है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर ठहराया जा सके।
- भोजन, स्वच्छ पेयजल और चलित शौचालय की भी व्यवस्था
जलभराव से प्रभावित नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम की ओर से भोजन और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था भी की गई है। प्रभावित परिवारों को आवश्यकता के अनुसार जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके साथ ही क्षेत्र में चलित शौचालय की व्यवस्था की गई है, ताकि जलभराव की स्थिति में नागरिकों को दैनिक आवश्यकताओं के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े। नगर आयुक्त गौरव कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्र में राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न हो तथा जल निकासी, साफ-सफाई, फॉगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव, प्रकाश व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं लगातार प्रभावी रूप से संचालित की जाएं। उन्होंने क्षेत्र की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने और आवश्यकता के अनुसार तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
