विधायक डॉ.राजेश्वर सिंह ने प्रबुद्ध वर्ग समागम, सम्मान समारोह एवं कवि सम्मेलन में सहभागिता की

Lucknow

(www.arya-tv.com)सरोजनीनगर विधायक डॉ.राजेश्वर सिंह बंथरा स्थित आजाद गेस्ट हाउस में आयोजित प्रबुद्ध वर्ग समागम, सम्मान समारोह एवं कवि सम्मेलन में पहुंचे, इस दौरान उन्होंने उपस्थित कवियों का सम्मान करते हुए उन्हें समाज का मार्गदर्शक बताया। साथ ही प्रबुद्ध वर्ग समागम में बोलते हुए सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने लोकसभा चुनाव को बहुत महत्वपूर्ण चुनाव बताया, उन्होंने कहा कि यह चुनाव राष्ट्र प्रथम, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की विचाराधारा तथा परिवारवाद, जातिवाद और सांप्रदायिक और विभाजनकारी विचारधारा के बीच की लड़ाई है।

डॉ. सिंह ने सपा और कांग्रेस पर करारा हमला करते हुए कहा कि सपा का समजवाद एक ही परिवार तक सीमित है, उनके शासनकाल में एक जाति, एक समुदाय विशेष को बढ़ावा दिया जाता था। आज भी सपा में एक ही परिवार के 56 सदस्य हैं। कांग्रेस को घेरते हुए सरोजनीनगर विधायक ने कहा कि कांग्रेस शासन ने 1995 में वक्फ बोर्ड एक्ट लागू किया, आज वक्फ बोर्ड के पास सेना और रेलवे के बाद सबसे ज्यादा जमीन है।
कांग्रेस सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में एफिडेविड देकर राम के अस्तित्व को नकारा, राम को काल्पनिक कहा, राहुल गांधी ने एक दिन में 90 हजार हिन्दुओं का कत्लेआम करने वाले बाबर की मजार पर सजदा किया लेकिन श्रीराम के दर्शन करने नहीं गये।

सरोजनीनगर विधायक यहीं नहीं रुके उन्होंने आगे जोड़ा कि जब बाबरी मस्जिद और अयोध्या का मुद्दा तेज हुआ तब सन 1991 में कांग्रेस प्लेस ऑफ वर्शिप एक्ट ले आई, उनके लोगों ने राम मंदिर की जगह बाबरी मस्जिद की पैरोकारी की, सोनिया गांधी ने बाटलाहाउस में आतंकवादियों के लिए आंसू बहाए लेकिन कश्मीरी पंडितों पर हुए अत्याचार पर एक शब्द नहीं बोला, यही कांग्रेस पार्टी की धर्मनिरपेक्षता है। इंडी गठबंधन सनातन को मिटाने वालों के साथ है सपा के साथी रामचरित मानस की प्रतियां जलाते थे और खुशी मनाते थे, इंडी गठबंधन के साथी डीएमके के लोग सनातन को मिटाने की बातें करते हैं।

सरोजनीनगर विधायक ने राष्ट्रीय सुरक्षा के विषय पर विपक्ष को घेरते हुए कहा कि हम मित्र बदल सकते हैं, पड़ोसी नही, दुर्भाग्यवश भारत के पास पाकिस्तान, अफगानिस्तान जैसे पड़ोसी हैं, जहां से शांति के बदले भारत को आतंकवाद की सप्लाई होती रही है। कम्युनिस्टों की विचारधारा धर्म के खिलाफ है, चीन एक कम्युनिस्ट देश है, वे चीन का समर्थन करते हैं, जबकि भारत एक धार्मिक देश है, हमारी सभ्यता 5 हजार साल पुरानी है, हमारा सनातन धर्म हमें समानता, सम्मान और सहिष्णुता सिखाता है।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए कहा कि 7 साल पहले उत्तर प्रदेश की पहचान गुंडों, माफियाओं से होती थी लेकिन अब उत्तर प्रदेश को निवेश, एक्सप्रेस वे, एयरपोर्ट और फैक्ट्रियों से पहचाना जाता है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए सरोजनी नगर विधायक ने कहा कि भारत फ्रेजाइल फाइव से टॉप फाइव इकोनॉमी बना, जल्द ही हम तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था होंगे, आज भारत में गोल्ड रिजर्व बढ़कर 800.78 टन हुआ, जो दुनिया में 9 वां सर्वाधिक गोल्ड रिजर्व है। भारत की विकास दर 7.5 प्रतिशत है जो दुनिया में दूसरे देशों की तुलना में दोगुनी है।

सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने मोहनलालगंज से भाजपा प्रत्याशी, वर्तमान सांसद एवं केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर को सहज, सुलभ प्रत्याशी बताते हुए जनता से उन्हे पुनः प्रचंड बहुमत से जिताने की अपील की। डॉ. सिंह ने कहा की कौशल किशोर के प्रयासों से लगातार मोहनलालगंज का विकास हो रहा है।

इस दौरान पूर्व राज्यमंत्री वीरेंद्र तिवारी, पीके शुक्ला, प्रवीण अवस्थी, सुनील शुक्ला टुन्नू, बच्चा बाजपेयी, अतुल बाजपेयी, शिव कुमार तिवारी,विशाल तिवारी, राजन पांडेय पत्रकार, पिंटू तिवारी, आनंद अवस्थी व अन्य प्रबुद्ध जन उपस्थित रहे।