विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने थामा बल्ला, सीआईएससीई नेशनल क्रिकेट टूर्नामेंट का किया शुभारंभ

Lucknow

बृजेश कुमार मिश्रा उर्फ पंडित जी

  • डॉ. राजेश्वर सिंह ने खिलाड़ियों को दिया सफलता का 3D मंत्र
  • विधायक ने थामा बल्ला, सीआईएससीई नेशनल क्रिकेट टूर्नामेंट का किया शुभारंभ
  • लखनऊ वास्तुकला, कला और संस्कृति की नायाब मिसाल है : डॉ. राजेश्वर सिंह
  • खिलाड़ी समाज के उत्कृष्ट नागरिक होते हैं,अनुशासित और समर्पित नागरिक होते हैं : डॉ. राजेश्वर सिंह

(www.arya-tv.com)लखनऊ। सिटी मांटेसरी स्कूल कानपुर रोड कैंपस में पांच दिवसीय सीआईएससीई (CISCE) नेशनल क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज  हुआ। कार्यक्रम में सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सीएमएस के फाउंडर-मैनेजर डॉ. जगदीश गांधी ने उनका स्वागत किया। स्कूल के बच्चों ने पुष्पगुच्छ देकर डॉ. राजेश्वर सिंह का अभिनंदन किया।

इसके बाद सरोजनीनगर विधायक ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। डॉ. राजेश्वर सिंह ने टूर्नामेंट के खेलने वाले सभी खिलाड़ियों को प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

डॉ. जगदीश गांधी की प्रशंसा करते हुए डॉ. सिंह ने कहा कि वह बेहद ही सरल-सहज एवं प्रेरणादायक व्यक्तित्व के धनी हैं। उन्होंने 5 विद्यार्थियों के साथ सीएमएस की शुरूआत की थी और आज छात्रों की संख्या के आधार पर सीएमएस विश्व के सबसे बड़ा स्कूल है। 2019-20 में 55,400 बच्चों के साथ सीएमएस ने गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करवाया है।

डॉ. सिंह ने कहा कि प्रदेश व देश की शिक्षा के क्षेत्र में डॉ. जगदीश गांधी का योगदान अतुलनीय है। आगे उन्होंने बताया​ कि डॉ. जगदीश गांधी को ब्रिटेन की क्वीन्स यूनिवर्सिटी बेलफास्ट की चांसलर हिलेरी क्लिंटन द्वारा डॉक्टरेट की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया है। इससे पहले यह प्रतिष्ठित सम्मान के केवल भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम और इंफोसिस के संस्थापक एनआर नारायणमूर्ति ने प्राप्त किया है।

इसके साथ ही विभिन्न राज्यों से आए छात्रों को डॉ. सिंह ने लखनऊ भ्रमण के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि लखनऊ वास्तुकला, कला और संस्कृति की नायाब मिसाल है। देश का सबसे ऊंचा घंटाघर (220 फीट) और सबसे लंबा रेस कोर्स (3.5 किमी) इसी शहर में है। इसके साथ ही 1857 में हुए प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की गवाह रही रेजिडेंसी भी यहां मौजूद है। इसे देखकर आज की पीढ़ी अपनी आजादी के नायकों के बलिदान के बारे में जान सकती है।

सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि प्रदेश व देश की सरकार खेल को प्रोत्सा​हन के लिए हरसंभव कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में भारत सरकार द्वारा टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (टीओपीएस) और खेलो इंडिया जैसी योजनाओं के माध्यम से खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय सुविधाएं मुहैया कराई जा रही है।

प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यूपी की पहली स्पोर्ट्स यूनिवसिर्टी मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय की स्थापना करवा रहे हैं। प्रदेश के हर जिले में स्पोर्ट्स स्टेडियम का निर्माण हो रहा है। डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा आज भारत में आधुनिक सुविधाओं से लैस अंतर्राष्ट्रीय स्तर की स्पोर्ट्स एकेडमी व बेहतरीन ट्रेनिंग की सुविधाएं उपलब्ध है।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने खिलाड़ियों को सफलता का 3डी का खास मूल मंत्र दिया। उन्होंने कहा दृढ़ निश्चय (Determination), समर्पण (Dedication) और निष्ठा (Devotion) इस 3डी फार्मूले पर अमल कर के आप कोई भी कार्य करेंगे तो आपको सफलता जरुर मिलेगी। सचिन तेंदुलकर, सु​नील गावस्कर, कपिल देव जैसे कई दिग्गज खिलाड़ी इसके उदाहरण हैं। इन सभी ने अपने दृढ़ निश्चय, समर्पण और अपनी निष्ठा से भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। आप सभी खिलाड़ियों को भी इसी तरह देश का नाम रोशन करना है। डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि खिलाड़ी समाज के उत्कृष्ट नागरिक होते हैं। वह अनुशासित और समर्पित होते हैं।

डॉ. सिंह ने कहा कि क्रिकेट भारत में केवल खेल नहीं बल्कि धर्म की तरह है। यह लोगों को जोड़ता है। आज भारतीय क्रिकेट टीम विश्व की नंबर वन टीम है। भारत अब तक 7 बार एशिया कप, 2 बार​ वनडे क्रिकेट का विश्व कप और एक बार टी20 विश्व कप जीत चुका है।

इसके साथ ही उन्होंने गर्ल्स टीम को भी शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि आज भारत में महिला क्रिकेट खिलाड़ी भी अपने खेल से देश का नाम रोशन कर रही हैं। मिताली राज, झूलन गोस्वामी, स्मृति मंधाना और हरमनप्रीत जैसी दिग्गज महिला क्रिकेटर्स अपने शानदार प्रदर्शन से देश को गौरवांवित महसूस करा रही हैं।

इसके बाद डॉ. राजेश्वर सिंह खिलाड़ियों के बीच पहुंचे। इस टूर्नामेंट का पहला मैच तमिलनाडु टीम व नॉर्थ ईस्ट टीम के बीच खेला गया। डॉ. राजेश्वर सिंह ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से मिलकर अच्छा प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से एक-एक कर हाथ मिलाया व मुकाबले के लिए शुभकामनांए दी। इसके बाद उन्होंने बल्लेबाजी भी की। कुछ बॉल खेलकर डॉ. सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

बता दें कि इस क्रिकेट टूर्नामेंट में अंडर-19 के 11 ब्वॉज टीम एवं अंडर-14 की 3 गर्ल्स टीम सम्मिलित हैं। 5 दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट के सभी मैच सिटी मांटेसरी स्कूल कानपुर रोड कैंपस के ग्राउंड में ही खेले जाएंगें।

इस दौरान प्रिंसिपल डॉ. विनीता कामरानी, सीआईएससीई उप सचिव अनुराग बसु, कार्यकारी सहायक सपनदीप सिंह, सरोजनीनगर के पार्षद प्रतिनिधि सौरभ सिंह मोनू, फिजिकल एजुकेशन के शिक्षक अनुराग चतुर्वेदी के साथ-साथ विभिन्न राज्यों से आ​ए खिलाड़ी, बच्चे व अभिभावक समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।