MP-UP, राजस्थान समेत 18 राज्यों के 20 शहरों में 45 पार हुआ पारा, 46 डिग्री के साथ प्रयागराज सबसे गर्म

# ## Environment National

(www.arya-tv.com)गर्मी ने लोगों की अग्निपरीक्षा लेनी शुरू कर दी है और आने वाले दिनों में भी इससे राहत नहीं मिलने वाली है। पारा लगातार चढ़ता जा रहा है। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान समेत 18 राज्यों के 20 से ज्यादा शहरों में पारा 45 डिग्री से ज्यादा रिकॉर्ड किया गया है। इसमें 46 डिग्री के साथ UP का प्रयागराज टॉप पर है।

दिल्ली में गर्मी ने 12 साल का रिकॉर्ड तोड़ा
दिल्ली में गर्मी ने शुक्रवार को 12 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। यहां अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इससे पहले अप्रैल में 43.5 डिग्री से ज्यादा तापमान 2010 में रिकॉर्ड हुआ था। तब अप्रैल की 18 तारीख को पारा 43.7 तक पहुंचा था।

अभी पारा नीचे आने के कोई आसार नहीं है। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में अगले 5 दिनों तक लू चलती रहेगी। पूर्वी भारत में 3 दिन बाद गर्म हवा के थपेड़ों में थोड़ी राहत मिलने के आसार हैं।

5 पॉइंट में देश में गर्मी का हाल
1. गुरुग्राम में अप्रैल में अब तक का सबसे ज्यादा तापमान दर्ज किया गया है। यहां गुरुवार को पारा 45.6 डिग्री पहुंच गया। इससे पहले 28 अप्रैल 1979 में पारा 44.8 डिग्री पहुंचा था।

2. मध्य प्रदेश के खजुराहो और नौगांव में में पारा 45.6 डिग्री दर्ज हुआ। खरगोन में यह 45.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। UP में प्रयागराज में 45.9 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। महाराष्ट्र में अकोला (45.4 डिग्री), ब्रम्हपुरी (45.32 डिग्री) और जलगांव में 45.6 डिग्री पारा रिकॉर्ड किया गया।

3. भारत में पावर स्पलाई की डिमांड शुक्रवार को 204.65 गीगावाट तक पहुंच गई। ये अब तक की सबसे ज्यादा सप्लाई डिमांड बताई जा रही है।

4. मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम भारत के ज्यादातर इलाकों में अगले दो दिन तक तापमान में 2 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है।

5. राजस्थान, मध्य प्रदेश, विदर्भ में अगले 4 दिनों तक हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसका मतलब प्रतिकूल मौसम के लिए तैयारी रखना होता है। इसके बाद रेड अलर्ट आता है, जिसमें एक्शन लेना होता है।