पारा फिसला लेकिन उमस बढ़ी, लोगों का दम निकला

Lucknow

(www.arya-tv.com) दिन के तापमान में 1.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के बावजूद भीषण गर्मी से शुक्रवार को लोगों का हाल बेहाल हो गया। आद्रता का स्तर 76 फीसदी पहुंचने से गर्मी से लोगों का बुरा हाल हो गया। उमस और तापमान की यह जुगलबंदी दिनभर असहनीय बनी रही। हालांकि भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए राहत 72 घंटे दूर है। अगले 72 घंटे में मेरठ सहित वेस्ट यूपी एवं दिल्ली-एनसीआर एवं हिमालयी क्षेत्र में मानसून दस्तक देने जा रहा है। 24-26 जून के बीच मैदानों में भारी मानसूनी बारिश के आसार हैं। 23 जून को भी मैदानों में अच्छी बारिश की शुरुआत होगी। इससे पहले कुछ छुटपुट बारिश भी दर्ज की जा सकती है।

मौसम विभाग द्वारा जारी बुलेटिन में मानसून के अब 22 जून तक ही वेस्ट यूपी और दिल्ली-एनसीआर में पहुंचने की उम्मीद जताई गई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में ठिठके मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनने लगी हैं। मौसम विभाग के अनुसार 22 जून तक उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड सहित हिमालयी क्षेत्र और दिल्ली-एनसीआर में मानसून छा सकता है। मौसम विभाग के अनुसार बारिश की शुरुआत 23 अगस्त को होगी। इस दिन अच्छी बारिश के आसार हैं। 24-26 जून तक मैदानों में भारी बारिश की संभावना है। वहीं, शुक्रवार को मेरठ का अधिकतम तापमान 37.4 और न्यूनतम 27.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। दिन का तापमान सामान्य से एक और रात का दो डिग्री सेल्सियस ऊपर बना हुआ है।

गुरुवार के सापेक्ष दिन के तापमान में 1.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट और रात में 0.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। वहीं, शुक्रवार को दस दिन बाद मेरठ का एयर क्वालिटी इंडेक्स 97 दर्ज हुआ जो संतोषजनक श्रेणी में है। बीते दस दिनों से मेरठ की हवा मध्यम श्रेणी में बनी हुई थी।