मथुरा: नगर निगम क्षेत्र में 627 बूथों पर होगा मतदान

Agra Zone

(www.arya-tv.com) आगामी नगरीय निकाय चुनाव के लिए नगर निगम मथुरा वृन्दावन के क्षेत्रान्तर्गत 627 बूथ बनाए गए हैं। इन बूथों पर मतदाताओं को वोट डालने के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पडे, इसके लिए नगर निगम की ओर से समस्त बूथों पर न्यूनतम सुविधाएं सुनिश्चित करायी जा रही है।

नगर निगम क्षेत्रान्तर्गत बनाये गये समस्त 627 बूथों पर न्यूनतम सुविधाएं सुनिश्चित किये जाने हेतु नगर आयुक्त द्वारा नगर निगम के 15 अधिकारियों को नामित किया गया है। सभी अधिकारियों द्वारा बूथों का निरीक्षण कर सुनिश्चित किया जा रहा है कि सभी बूथ पर न्यूनतम सुविधाएं उपलब्ध रहे। ताकि वोटरों को सुगम निर्वाचन की अनुभूति हो सके। शुक्रवार को नगर आयुक्त अनुनय झा ने वार्ड 18 के जनरल गंज में राजकीय इण्टर कालेज एवं सुभाष इंटर कॉलेज में बूथ बनाये जाने वाले कक्षों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान आवश्यक दिशा निर्देश भी दिये। जनपद मथुरा में प्रथम चरण में चार मई को मतदान सम्पन्न होना है। जनपद में समस्त नगर निकायों का निर्वाचन एक साथ होना है। निर्वाचन को सकुशल एवं निर्विहन सम्पन्न कराये जाने के लिए पोलिंग पार्टियों का गठन किया जा रहा है, नगर निगम क्षेत्र में प्रत्येक पोलिंग पार्टी में पांच कार्मिक होंगें। पोलिंग पार्टी में मतदान अधिकारी प्रथम एवं मतदान अधिकारी चतुर्थ के कार्य की प्रकृति समान है।

जिन अधिकारी एवं कर्मचारियों को प्रथम नियुक्ति पत्र प्राप्त हो गये हैं, वह नियुक्ति पत्र में दिये गये निर्धारित दिन समय व स्थान बीएसए इंजीनियरिंग कॉलेज में अनिवार्य रूप से प्रशिक्षण के लिए उपस्थित होंगे। जो मतदान अधिकारी प्रशिक्षण के लिए उपस्थित नहीं होंगे, उनके विरुद्ध दण्डनीय अपराध मानते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।