फिरोजाबाद। आगामी श्रावण मास, रक्षाबंधन, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, गणेश चतुर्थी, प्रतिमा विसर्जन, रामलीला, दशहरा एवं रावण दहन जैसे प्रमुख त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए थाना पचोखरा क्षेत्र में वॉलिंटियरों की सूची तैयार की गई। इस दौरान इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह भाटी की मौजूदगी में स्थानीय युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित हुई। बैठक में संजय परमार, शंभू फौजी, प्रिय प्रताप सिंह, अरविंद फौजी और योगेश प्रधान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने त्योहारों के दौरान पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात व्यवस्था में सहयोग करने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने का संकल्प लिया। तैयार की गई वॉलिंटियरों की सूची थाना पचोखरा, टूंडला पुलिस को सौंप दी गई।
