प्रयागराज में ग्राम प्रधान और ब्लाक प्रमुख की सदस्य वार्ड की सूची हुई जारी, जानें क्या है पूरा मामला

Prayagraj Zone UP

प्रयागराज(www.arya-tv.com) त्रिस्तरीय पंचायतों के पांचों पदों के आरक्षण का प्रकाशन बुधवार को कर दिया गया। डीएम के हस्ताक्षर के बाद सूची जारी करने के साथ विकास भवन परिसर एवं अन्य निर्धारित स्थलों पर चस्पा भी कर दी गई। इसे लेकर विकास भवन में दिन भर गहमा-गहमी का माहौल रहा।

जिला पंचायत अध्यक्ष का पद पहले ही अनारक्षित घोषित किया जा चुका है। जिला पंचायत सदस्य, ब्लाक प्रमुख, खंड विकास समिति के सदस्य, ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्य पदों के आरक्षण निर्धारण की प्रक्रिया बुधवार सुबह तक चली। जिला पंचायत सदस्य के कुल 84 में से 31 अनारक्षित हैं। वहीं 14 सीट महिलाओं के लिए सुरक्षित हैं। 11 एससी, छह एससी महिला, 14 ओबीसी तथा आठ पद ओबीसी महिला के लिए आरक्षित हैं। ब्लाक प्रमुख के कुल 23 में से आठ पद अनारक्षित हैं।

चार पद महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। इनके अलावा तीन एससी, दो एससी महिला, चार ओबीसी तथा दो ओबीसी महिला के लिए आरक्षित हैं। क्षेत्र पंचायत सदस्य के 2086 पदों के लिए आरक्षण जारी किया गया। इनमें 722 सीट अनारक्षित है। 357 महिला सीट है। 298 एससी तथा 156 एससी महिला एवं 361 ओबीसी और 192 ओबीसी महिला के लिए आरक्षित है। ग्राम प्रधान के कुल 1540 में से 528 पद अनारक्षित हैं। 247 पद महिलाओं के लिए आरक्षित हैं।

226 एससी, 125 एससी महिला, 269 ओबीसी तथा 145 पद ओबीसी महिला के लिए आरक्षित हैं। इनके अलावा ग्राम पंचायत सदस्य के 19820 सीटों का आरक्षित तय हो गया है। जिला पंचायती राज अधिकारी रेनू श्रीवास्तव ने बताया कि आठ मार्च तक आपत्तियां मांगी गई हैं। आपत्तियों के निस्तारण के बाद 15 मार्च को अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी। पंचायतों का आरक्षण जारी होने के साथ चुनावी सरगर्मी भी बढ़ गई है। आरक्षण की स्थिति जानने के विकास भवन, तहसीलों तथा ब्लाक मुख्यालय में लोगों के आने-जाने का क्रम दिन भर जारी रहा।