लखीमपुर में दो दलित बहनों की रेप के बाद हत्या

# ## National

(www.arya-tv.com) लखीमपुर में दो दलित बहनों की रेप के बाद हत्या कर दी गई। गुरुवार को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई है। इसके मुताबिक पहले लड़कियों को गला दबाकर मारा गया, फिर शवों को पेड़ पर लटका दिया गया।

पुलिस के मुताबिक यह वारदात बुधवार शाम 4 से 5 के बीच की है। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने करीब 15 घंटे में सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। 

बुधवार शाम 5 बजे: लड़कियों को बहला-फुसला कर ले गए
पुलिस के मुताबिक दोपहर 4 बजे के आसपास आरोपी जुनैद, सुहैल और हफीजुर्रहमान पीड़ित लड़कियों के घर पहुंचे। आरोपी लड़कियों को बहला-फुसला कर ले गए। परिवार वाले लड़कियों को ढूंढते रहे। तकरीबन शाम 5 बजे घर से लगभग 1 किमी दूर एक खेत में लड़कियों के शव पेड़ से लटके मिले। उसके बाद भीड़ लगनी शुरू हो गई।

इधर, आरोपी गांव से निकल चुके थे। उन्होंने रास्ते में लड़कियों के पड़ोस में रहने वाले छोटू से मुलाकात की और उसे घटना के बारे में बताया। इसके बाद छोटू घर आ गया। हालांकि, उसने किसी से कुछ बताया नहीं।

बुधवार शाम 6 बजे: पुलिस ने शवों को नीचे उतारा
ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शवों को नीचे उतारा गया। इसके बाद जब पुलिस पंचनामा की कार्रवाई करने लगी, तो ग्रामीणों ने रोड जाम कर दिया। पुलिस के मुताबिक इस रोड जाम में छोटू कहीं नहीं दिखा। इधर, मामला बिगड़ता चला जा रहा था। स्थानीय थाने के पुलिस अधिकारी मामले को संभाल नहीं पा रहे थे।

बुधवार शाम 7.30 बजे: 9 बजे तक लोग हंगामा करते रहे
मामले की जानकारी होने पर जिला मुख्यालय से अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से बातचीत की, लेकिन मामले का हल नहीं निकल पाया। रात 9 बजे तक जाम लगा रहा और लोग हंगामा करते रहे।

बुधवार रात 10.30 बजे: पुलिस ने पहले आरोपी को पकड़ा
सड़क पर धरने के दौरान लड़की के पिता ने पड़ोसी छोटू पर साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया। घटना में एक व्यक्ति का क्लू मिलते ही पुलिस एक्टिव हो गई। रात 10.30 बजे पुलिस ने छोटू को घर से उठा लिया। वह घर पर आराम से लेटा हुआ था। उसने पूछताछ में सारी बातें उगल दीं। उसने ही आरोपी जुनैद और सुहैल के नंबर पुलिस को उपलब्ध कराए।

बुधवार रात 11.30 बजे: आरोपी घर पहुंचे, खाना खाया, कपड़े बदले
IG लक्ष्मी सिंह धरनास्थल पर पहुंचीं। ग्रामीणों और परिवार वालों को समझाया। इस बीच सभी आरोपी अपने-अपने घर पहुंच चुके थे। उन्होंने आराम से घर में खाना खाया और कपड़े चेंज किए। पुलिस के अनुसार ये सभी आरोपी रात में फरार होने का प्लान बनाकर घर गए थे। सभी को रात को 12 बजे गांव के बाहर मिलना था।

रात 12.30 बजे: सुहैल, हफीजुर्रहमान और करीमुद्दीन पकड़े गए
पांचों आरोपी रात 12 बजे के आस-पास गांव के बाहर मिलने की बात फिक्स करके निकले थे। सुहैल अपनी बाइक से सबसे पहले गांव के बाहर पहुंचा, फिर हफीजुर्रहमान और करीमुद्दीन आ गए। ये लोग गांव छोड़ने के लिए अपने दोनों साथियों का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच रात करीब 12.30 बजे पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार कर लिया।

इनकी निशानदेही पर पुलिस ने रात को ही आरिफ को भी उठा लिया। इस बीच मौका पाकर जुनैद फरार हो गया। उधर, पुलिस और ग्रामीणों में समझौता होने के बाद रात को ही लड़कियों के शव पोस्टमॉर्टम हाउस भेज दिए गए। कार्रवाई के आश्वासन के बाद जाम भी खोल दिया गया।

गुरुवार सुबह 8 बजे: जुनैद एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार
छोटू समेत 4 आरोपी गिरफ्तार होने के बाद पुलिस मुख्य आरोपी जुनैद की तलाश में जुट गई। उसका मोबाइल भी सर्विलांस पर था। गुरुवार सुबह करीब 4 बजे के आस-पास उसकी लोकेशन गांव के ही खेतों में मिली। पुलिस उसकी तलाश में गन्ने के खेतों में घुस गई।

सुबह करीब आठ बजे जुनैद पुलिस को एक खेत में दिख गया। पुलिस के सामने आते ही जुनैद ने गोली चलाने की धमकी दी। पुलिस ने भी गोली चलाई, जो उसके पैर में लगी। इससे वह मौके पर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों का कबूलनामा- रेप के बाद गला दबाया
SP लखीमपुर, संजीव सुमन के अनुसार सुहेल और जुनैद दोनों दोस्त हैं। छोटू ने दोनों लड़कियों से इनकी दोस्ती करवाई थी। बुधवार शाम को भी सुहैल और जुनैद अपने तीसरे साथी हफीजुर्रहमान के साथ बाइक से लड़कियों के घर पहुंचे। वो लड़कियों को बहलाकर अपने साथ ले गए।

गांव के बाहर खेत में उन्होंने संबंध बनाए। इसके बाद लड़कियां शादी के लिए जिद करने लगीं। इस बात पर उनमें झगड़ा हुआ तो इन दोनों ने हफीजुर्रहमान के साथ मिलकर गला दबाकर उन्हें मार दिया। इसके बाद सुहैल और अन्य आरोपियों ने करीमुद्दीन और आरिफ को बुलाया, फिर सबने मिलकर लड़कियों को उन्हीं के दुपट्‌टे के सहारे पेड़ से लटका दिया।