लंदन में खालिस्तानियों ने किया तिरंगे का अपमान, ब्रिटिश हाई कमिश्नर को किया गया तलब

# International National

(www.arya-tv.com) लंदन स्थित भारतीय हाई कमीशन में रविवार को खालिस्तान समर्थकों ने तिंरगे को उतार दिया। सैंकड़ों की संख्या में खालिस्तान समर्थक हाई कमीशन के बाहर जमा हुए और नारेबाजी भी की गई।

हालांकि, हाई कमीशन ने खालिस्तान समर्थकों को कड़ा जवाब देते हुए एक विशाल तिरंगा फहरा दिया है।  भारत ने इस पर सख्त ऐतराज जताया और दिल्ली में ब्रिटिश हाई कमिश्नर को तलब किया।

खालिस्तानी समर्थक अमृतपाल सिंह के खिलाफ कार्रवाई के विरोध में लंदन में भारतीय हाई कमीशन में तोड़फोड़ की गई। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। जिसके बाद भारत के विदेश मंत्रालय ने पूरे मामले पर सख्त आपत्ति जताई है।

भारत के विदेश मंत्रालय ने कहा कि हाई कमीशन के बाहर पर्याप्त सुरक्षा क्यों नहीं लगाई गई? सिक्योरिटी की कमी के चलते ही खालिस्तानी अंदर घुस पाए। ब्रिटेन में भारतीय डिप्लोमैट्स और एंबेसी की सुरक्षा को लेकर ब्रिटिश सरकार की उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जा सकती है। यह सीधे तौर पर वियना कन्वेंशन के नियमों का उल्लंघन है। हमें उम्मीद है कि इसपर तुरंत एक्शन लेते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि भारत में वारिस पंजाब दे संगठन के जत्थेदार अमृतपाल सिंह के खिलाफ कार्रवाई चल रही है। इसी कार्रवाई से खालिस्तान समर्थक तमतमाए हुए हैं और उनके द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। लंदन में भारतीय उच्चायोग में हुए विरोध प्रदर्शन भी इन्हीं विरोध प्रदर्शनों का हिस्सा था।